कटनी- कटनी कृषि उपज मंडी में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में कृषि एवं संबद्ध विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल किसानों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे। स्टॉल के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, जैविक खेती, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारियां प्रदान की गई। कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा नरवाई प्रबंधन एवं आधुनिक खेती को बढ़ावा देने वाले कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया गया। इनमें ट्रैक्टर, मल्टी क्रॉप कटर, बेलर, स्मार्ट सीडर, एक्स्ट्रा रिपीटर यंत्र एवं सुपर सीडर प्रमुख रहे। किसानों को इन यंत्रों के उपयोग से फसल अवशेष प्रबंधन तथा खेती की लागत और श्रम को कम करने की जानकारी दी गई। एग्रीकल्चर ड्रोन के माध्यम से खेतों में नैनो यूरिया, नैनो डीएपी सहित अन्य तरल कृषि उत्पादों के छिड़काव की तकनीक प्रदर्शित की गई। साथ ही नैनो जिंक एवं नैनो कॉपर जैसे उत्पादों के उपयोग की जानकारी भी किसानों को दी गई।मत्स्य विभाग द्वारा केज कल्चर एवं बायोफ्लॉक तकनीक के मॉडल और जानकारी प्रदर्शित की गई। उद्यानिकी विभाग द्वारा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना से संबंधित स्टॉल लगाया गया पशुपालन विभाग के स्टॉल पर सेक्स सॉर्टेड सीमेन तकनीक की जानकारी किसानों को दी गई। पशुपालकों को इसके उपयोग और लाभों से अवगत कराया गया।आजीविका मिशन द्वारा स्व-सहायता समूहों के विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। स्टॉल में किचन मसाले, केंचुआ खाद, मिट्टी के दीपक, चावल, शकरकंद एवं जैविक शुद्ध घी सहित कई उत्पाद रखे गए।मानव जीवन विकास समिति द्वारा लगाए गए स्टॉल में श्री अन्न (मिलेट), हल्दी एवं अश्वगंधा जैसे उत्पाद प्रदर्शित किए गए। वहीं बजरंग जैव संसाधन केंद्र द्वारा जीवामृत, नीमास्त्र, अग्नास्त्र, मटका खाद एवं फूलवर्धक जैसे जैविक कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई।कृषि विभाग द्वारा कोदो, रागी, ज्वार, बाजरा एवं चिया के बीज सहित विभिन्न फसलों और चिरौंजी का प्रदर्शन किया गया। स्टॉल के माध्यम से किसानों को मोटे अनाज एवं विविध फसलों की खेती को बढ़ावा देने तथा इनके उपयोग और संभावनाओं की जानकारी दी गई।


