कटनी – मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर को शाम 4 बजे बस स्टैंड स्थित नगर निगम ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों के साथ स्वच्छता, सजावट और रंगोली प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा जिले के कृषि उत्पादों और कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों की उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने समारोह के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी तथा संयुक्त कलेक्टर एवं एसडीएम कटनी श्री जितेंद्र पटेल को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी तय
समारोह में मंच सज्जा, बैठक व्यवस्था, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वल्पाहार और पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नगर निगम कटनी को सौंपी गई है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन एवं रिहर्सल के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती ज्योति सिंह को नोडल अधिकारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की श्रीमती वनश्री कुर्वेती को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। कार्यक्रम के संचालन एवं उद्घोषणा का दायित्व डाइट कटनी के श्री राजेन्द्र आसाटी और उनके सहयोगी दल को सौंपा गया है।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों, समाजसेवियों, धर्मगुरुओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को आमंत्रित किया जाएगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, मीसाबंदियों, शहीद सैनिकों के परिजनों और उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले स्वसहायता समूहों एवं स्टार्टअप के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
शासकीय भवनों में होगी रोशनी, ऐतिहासिक स्थलों पर चलेगा स्वच्छता अभियान
स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय भवनों में साफ-सफाई और रात्रिकालीन रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, सजावट और रंगोली से संबंधित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के ऐतिहासिक स्मारकों, महापुरुषों की प्रतिमाओं और उनके परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग को जिले के कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाने तथा कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य
कलेक्टर श्री तिवारी ने सभी जिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 1 नवंबर को शाम 4 बजे नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्य समारोह में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। सभी विभाग प्रमुखों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ शासकीय कार्यालयों में साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया है।
कलेक्टर श्री तिवारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए कार्यक्रमों का सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिले में शांति, कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

