कटनी – शासकीय महाविद्यालय रीठी की कक्षाओं के संचालन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सांदीपनि विद्यालय रीठी के पुराने भवन का प्रथम तल आगामी आदेश तक शासकीय महाविद्यालय रीठी को सौंपा गया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री आशीष तिवारी ने इस संबंध में निर्धारित शर्तों के अधीन भवन उपलब्ध कराने का आदेश जारी किया है।
शासकीय महाविद्यालय रीठी के प्राचार्य द्वारा महाविद्यालय के संचालन के लिए सांदीपनि विद्यालय के पुराने भवन को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। इस पर कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा अभियान तथा महाविद्यालय के प्राचार्य ने भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बनी सहमति के आधार पर भवन का प्रथम तल महाविद्यालय की कक्षाओं के संचालन के लिए उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
साफ-सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी महाविद्यालय की
निर्धारित शर्तों के अनुसार भवन की साफ-सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी शासकीय महाविद्यालय रीठी की होगी। बिजली एवं पानी के बिलों का भुगतान भी महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा किया जाएगा। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के आवागमन के लिए भवन के पीछे स्थित रास्ते का उपयोग किया जाएगा। सांदीपनि विद्यालय परिसर में महाविद्यालय के विद्यार्थियों का प्रवेश रोकने के लिए महाविद्यालय प्रबंधन को बैरिकेडिंग भी करानी होगी।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि भवन के कक्षों में उपलब्ध फर्नीचर का उपयोग महाविद्यालय द्वारा किया जा सकेगा। फर्नीचर, उपकरणों अथवा अन्य सामग्री के क्षतिग्रस्त होने पर उनकी मरम्मत कराने की जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रबंधन की होगी। वहीं, संबंधित एजेंसी पीआईयू द्वारा भवन का जीर्णोद्धार कराए जाने की स्थिति में महाविद्यालय को भवन सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य को उपलब्ध कराना होगा।
इन शर्तों के साथ सांदीपनि विद्यालय रीठी के पुराने भवन का प्रथम तल शासकीय महाविद्यालय रीठी को आगामी आदेश तक सौंपा गया है, जिससे महाविद्यालय की कक्षाओं का संचालन किया जा सकेगा।


