जबलपुर,
लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं के समर्थन में 2 नवंबर को दोपहर 3 बजे शहीद स्मारक से पदयात्रा
निकाली जाएगी। लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने महाकौशल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के
कार्यक्रम में इसकी जानकारी देते हुए नागरिकों से यात्रा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने बताया
कि पदयात्रा शहीद स्मारक से शुरू होकर बड़ा फुहारा, अंधेरदेव, मालवीय चौक और कर्मचंद चौक होते हुए
वापस शहीद स्मारक पहुंचेगी। करीब डेढ़ किलोमीटर की इस यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी
शामिल होंगे।
इस अवसर पर मंचासीन प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, मध्यप्रदेश ओलंपिक संघ के सचिव दिग्विजय
सिंह, महाकौशल चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष रवि गुप्ता, जीतो के अध्यक्ष आशीष कोठारी व बड़ी
संख्या में चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स के सदस्य व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
एसआईआर पर बोले- पहले भी 11 बार हो चुका है पुनरीक्षण
मंत्री श्री सिंह ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) का समर्थन करते हुए कहा कि मतदाता सूची का
सत्यापन लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश में पहले भी 11 बार
एसआईआर हो चुका है। पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी और डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में
भी यह प्रक्रिया अपनाई गई थी। इसके बावजूद वर्तमान में इसका विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा
कि मतदाता सूची में स्थानांतरित, मृत और डुप्लिकेट मतदाताओं के नाम हटाना जरूरी है। नाम जोड़ने के
लिए फॉर्म-6, हटाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 की व्यवस्था पहले से लागू है। किसी
मतदाता का नाम हटाने से पहले नोटिस और जवाब देने का अवसर देने की प्रक्रिया भी है।
ग्वारीघाट का होगा विकास
जबलपुर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि ग्वारीघाट में विकास परियोजना पर
काम किया जा रहा है। इसमें मां नर्मदा के प्रवाह के लिए करीब एक किलोमीटर लंबा अलग चैनल, पांच
गौमुख, सुरक्षित स्नान की व्यवस्था और पानी का फिल्ट्रेशन शामिल है। पिंडदान, पूजन, पुष्पदान, पुरोहितों
के बैठने और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए अलग-अलग स्थान विकसित किए जाएंगे।

