Home इंदौर 71 वर्षों की विकास यात्रा में मध्यप्रदेश ने तय किया लंबा सफर...

71 वर्षों की विकास यात्रा में मध्यप्रदेश ने तय किया लंबा सफर : उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर हुआ भव्य आयोजन

14
0

जबलपुर,
मध्यप्रदेश के 71 वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज जिला प्रशासन द्वारा भंवरताल स्थित संस्कृति
थिएटर में स्थापना दिवस समारोह प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं वाणिज्यिक कर मंत्री श्री जगदीश देवड़ा
तथा लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ किया गया। इसके पश्चात
पंडित लज्‍जा शंकर झा मॉडल हाई स्‍कूल के छात्र-छात्राओं ने मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, सांसद श्री आशीष दुबे, महापौर श्री जगत बहादुर
सिंह अन्नू, विधायक डॉ. अभिलाष पांडे, श्री अजय विश्नोई, श्री अशोक रोहाणी एवं श्री नीरज सिंह, जिला
पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया, जेडीए अध्यक्ष श्री संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष श्री
रिकुंज विज, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी परांजपे, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री
अखिलेश जैन, भाजपा नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
कार्यक्रम में संभागायुक धनंजय सिंह, कलेक्टर अरूण कुमार विश्‍वकर्मा, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय,
नगर निगम आयुक्त अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर रविशंकर राय तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी
मौजूद थे।
उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि मध्यप्रदेश का गठन 1 नवंबर 1956 को हुआ था और आज
प्रदेश अपनी 71वीं स्थापना वर्षगांठ मना रहा है। यह अवसर प्रदेश के निर्माण और विकास में योगदान
देने वाली सभी विभूतियों के प्रति आभार व्यक्त करने का भी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की विकास
यात्रा बहुत लंबी रही है। पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में 1 नवंबर 2000 को
मध्यप्रदेश से अलग होकर छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के गठन के समय सिंचाई, सड़क, बिजली, पेयजल और चिकित्सा जैसी मूलभूत
सुविधाओं की स्थिति काफी सीमित थी, लेकिन आज इन क्षेत्रों में व्यापक बदलाव आया है। प्रदेश में
सड़कों का जाल बिछा है और कनेक्टिविटी का विस्तार हुआ है। चिकित्सा सुविधाओं के क्षेत्र में भी प्रदेश
ने प्रगति की है। पहले प्रदेश में पांच मेडिकल कॉलेज थे, जबकि वर्तमान में 35 मेडिकल कॉलेज संचालित
हैं।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का
संकल्प लिया है। इससे प्रदेश के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे और
डॉक्टरों की कमी दूर करने में भी मदद मिलेगी। शिक्षा के क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालयों के माध्यम से
सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश के प्रत्येक जिले में चार से पांच सांदीपनि विद्यालय
स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने सिंचाई के क्षेत्र में केन-बेतवा परियोजना सहित विभिन्न सिंचाई योजनाओं का उल्लेख करते हुए
कहा कि नर्मदा, चंबल, ताप्ती, कालीसिंध और अन्य नदियों के जल का उपयोग कर खेतों तक पानी
पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सके।
श्री देवड़ा ने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले बड़ी संख्या में गरीब परिवारों
के पास अपना पक्का मकान नहीं था। आज सरकार गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का काम
कर रही है। इन आवासों में बिजली, गैस कनेक्शन और अन्य मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराने के
प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र गरीब
परिवारों को पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा मिल रही है। अब 70 वर्ष से अधिक आयु के
बुजुर्गों को भी इस योजना से जोड़ने का काम किया गया है। गरीब परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण व्यवस्था है।
उप मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने हर घर
तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने का संकल्प लिया है। इसके साथ ही गरीब परिवारों को आवास,
बिजली, गैस कनेक्शन, स्वास्थ्य सुविधाएं और बच्चों की शिक्षा के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से
सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्यादान
योजना, लाड़ली बहना योजना तथा विद्यार्थियों को किताबें, कॉपियां, गणवेश, साइकिल और स्कूटी उपलब्ध
कराने जैसी योजनाओं से विभिन्न वर्गों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की
जनकल्याणकारी योजनाओं की सूची इतनी व्यापक है कि उन्हें गिनाने में ही काफी समय लग जाएगा।
श्री देवड़ा ने कहा कि सरकार चाहे किसी भी दल की हो, जनता का पैसा जनता के कल्याण और विकास
पर खर्च करना उसका राजधर्म है। स्थापना दिवस प्रदेश की विकास यात्रा को याद करने और प्रदेश को
आगे बढ़ाने के संकल्प को दोहराने का अवसर है।
विधायक डॉ. अभिलाष पांडे ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश
लगातार विकास की ओर अग्रसर है। देश के हृदय स्थल के रूप में प्रदेश ने अपनी अलग पहचान बनाई है। यहां की सांस्कृतिक विविधता और विशाल हृदय इसकी विशेषता है। प्रदेश के कई जिले दूसरे राज्यों
की सीमाओं से जुड़े होने के कारण वहां की संस्कृति को भी आत्मसात करते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 के बाद से प्रदेश में विकास की गति निरंतर आगे बढ़ी है। मुख्यमंत्री डॉ.
मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के चौमुखी विकास की परिकल्पना को साकार करने के प्रयास किए जा
रहे हैं। डॉ. पांडे ने कहा कि मध्यप्रदेश आने वाले समय में देश का प्रमुख राज्य बने और हर क्षेत्र में
निरंतर प्रगति करे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दिखाई मध्यप्रदेश की लोककला और सांस्कृतिक विरासत
स्थापना दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
देकर मध्यप्रदेश की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की। भारत सेवक
समाज रामनारायण टंडन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के 16 बाल कलाकारों ने बधाई लोकनृत्य प्रस्तुत
किया।
इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक गौरव सिंधिया तथा महेंद्र सोनकर के मार्गदर्शन में
प्रशिक्षित महिला, पुरुष एवं बालक खिलाड़ियों ने कराटे का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने मार्शल आर्ट की
विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अनुशासन, कौशल और आत्मविश्वास का परिचय दिया। कार्यक्रम की
अंतिम सांस्कृतिक प्रस्तुति के रूप में ढिमरयाई लोकनृत्य प्रस्तुत किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। आबकारी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं प्रवर्तन कार्य के लिए सहायक जिला आबकारी अधिकारी वृगचंद्र चतुर्वेदी, आबकारी उप निरीक्षक सुश्री रूपाली जैन एवं मुख्य लिपिक सुनीता दुबे को सम्मानित किया गया। यूपीएससी एवं एमपीएससी परीक्षाओं में उत्कृष्ट कार्य के लिए सहायक ग्रेड-3 मधु वैद्य दुबे तथा नर्मदा महोत्सव 2026 में उत्कृष्ट योगदान के लिए नोडल अधिकारी जितेंद्र कुमार जैन को सम्मानित किया
गया। डाक वितरण कार्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए अजय बरमन, फिरोज खान, मुकेश दुबे एवं विक्रांत कुमार
अनंत को सम्मानित किया गया। वहीं रक्तदान के क्षेत्र में निरंतर प्रयास कर जिले को प्रदेश में प्रथम
स्थान दिलाने में योगदान के लिए रेडक्रॉस के सुनील गर्ग तथा प्रत्येक वीवीआईपी ड्यूटी में एंबुलेंस
संचालन की जिम्मेदारी निभाने के लिए सनातन को सम्मानित किया गया।

किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज के विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार

वीर भारत न्यास क्विज के अंतर्गत आयोजित किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज के विजेताओं को
भी पुरस्कृत किया गया। इसमें तहसील मझौली के किसान अनिल पटेल को प्रथम पुरस्कार के रूप में
ट्रैक्टर प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार विजेता आशीष लोधी को मोटरसाइकिल तथा तृतीय पुरस्कार
विजेता भरतलाल साहू को इलेक्ट्रिक स्कूटी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि वीर भारत न्यास क्विज के अंतर्गत आयोजित तीनों प्रतियोगिताएं जिला शिक्षा
अधिकारी गौतम वर्बे के मार्गदर्शन में आयोजित की गईं। समारोह में इन प्रतियोगिताओं की प्रस्तुतियों
और प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की गई।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here