Home इंदौर डायमंड जुबली समारोह में कटनी के स्काउट-गाइड ने मचाई धूम, बुंदेली लोकगीतों...

डायमंड जुबली समारोह में कटनी के स्काउट-गाइड ने मचाई धूम, बुंदेली लोकगीतों पर झूमे अतिथि और प्रतिभागी हरियाणा के गतपुरी में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में मध्य प्रदेश का किया प्रतिनिधित्व, 40 स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर हुए शामिल

10
0

कटनी  – हरियाणा के गतपुरी स्थित डायमंड जुबली नेशनल यूथ कॉम्प्लेक्स में आयोजित क्लोजिंग सेरेमनी ऑफ डायमंड जुबली में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए कटनी जिले के स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह में कटनी के दल ने बुंदेलखंडी लोकगीतों की धुन पर धमाकेदार प्रस्तुति दी, जिसे देखकर उपस्थित अतिथि और विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी मंत्रमुग्ध हो गए।

          भारत स्काउट्स एवं गाइड्स मध्य प्रदेश राज्य मुख्यालय, भोपाल के निर्देश तथा कलेक्टर श्री आशीष तिवारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला कमिश्नर स्काउट, कटनी के मार्गदर्शन में जिले के 40 स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर और यूनिट लीडर को राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में सहभागिता का अवसर मिला। समारोह के शुभारंभ के लिए कटनी जिले की लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुति का चयन किया गया था, जिसे प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ प्रस्तुत किया।

          इस राष्ट्रीय आयोजन में शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कटनी, शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय, कटनी, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिविल लाइन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगोड़ी, पिपरौंध एवं सिंघानपुरी तथा शासकीय हाई स्कूल खरखरी नंबर-1 के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनके साथ चंद्रशेखर आजाद ओपन रोवर क्रू और मदर टेरेसा ओपन रेंजर टीम के सदस्य भी शामिल हुए।

          दल का नेतृत्व जिला सचिव श्री गणेश प्रसाद चौराहा, जिला कोषाध्यक्ष श्री राजेश सराठे, डीटीसी सुश्री सायरा बानो, रोवर लीडर श्री राहुल यादव एवं गाइड कैप्टन श्रीमती आभा गुमास्ता ने किया। वहीं, नेशनल हेडक्वार्टर की ओर से कार्यक्रम के संचालन एवं सहयोग के लिए कटनी जिले के रोवर लीडर श्री शुभांशु कुमार कोरी एवं रेंजर लीडर कुमारी रिया कनौजिया को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here