कटनी – अधिकारी उपार्जन केन्द्रों पर लगातार नजर रखें। जिले में धान के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर कार्यवाही करें। साथ ही धान उपार्जन के दौरान पाये गये फर्जी पंजीयन पर संबंधितों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करायें। कलेक्टर श्री तिवारी ने यह निर्देश सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में दिये। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर और अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा मौजूद रहे। कलेक्टर श्री तिवारी ने संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल को निर्देशित किया कि वे ई-एचआरएमस पोर्टल पर सभी पटवारियों को ऑनबोर्ड करायें। उन्होंने श्रम विभाग को संबल से जुड़ी सभी शिकायतों को संबंधित एसडीएम और जनपद पंचायतों के सीईओ से समन्वय कर निराकृत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री तिवारी ने राजस्व विभाग के द्वारा एक ही प्रकार की शिकायतों पर एक ही तरह से जवाब देने हेतु एसओपी जारी करने के निर्देश अपर कलेक्टर को दिये।कलेक्टर ने सीएचएमओ डॉ. राज सिंह ठाकुर को निजी अस्पतालों को आयुष्मान योजना के तहत ऑनबोर्ड कराकर इसका प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सार्थक ऐप पर लगाई गई सभी अनुबंधित डॉक्टरों की अटेंडेंस का स्टेटस दिखाने सीएमएचओ को निर्देशित किया।बैठक के दौरान कलेक्टर ने मत्स्य विभाग को अग्रणी बैंक प्रबंधक से समन्वय कर किसान क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृत कराने के निर्देश दिए।
कारण बताओ नोटिस जारी
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने समय-सीमा पत्रों में अद्यतन स्टेटस न डालने के कारण जिला खेल अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर ने नगर निगम उपायुक्त शैलेश गुप्ता बिना अद्यतन जानकारी के बैठक में उपस्थित होने पर नाराजगी जाहिर करते हुये आगे से पूरी जानकारी के साथ आने की हिदायत दी।
बैठक में कलेक्टर ने समग्र ई-केवाईसी और लंबित पेंशन प्रकरणों की भी समीक्षा की।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, जल संसाधन विभाग, खनिज, पीएचई, नगरीय विकास, स्कूल शिक्षा, आदिम जाति कल्याण, कुटीर एवं ग्रामोद्योग, श्रम, सहकारिता, वाणिज्यिक कर विभाग की समीक्षा की। उन्होंने सी एवं डी ग्रेड में मौजूद सभी विभागों को शिकायतों का शीघ्र निराकरण कर रैंकिेंग में सुधार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को राजस्व विभाग की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण पूरी गंभीरता के साथ करने की हिदायत दी। साथ ही सभी अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर स्टैण्डर्ड जवाब डालने के निर्देश दिए।
उपार्जन की समीक्षा
उपार्जन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक 11 हजार 947 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है। जिसमें 5 हजार 229 मीट्रिक टन धान का परिवहन किया जा चुका है। इसमें 6 हजार 589 मीट्रिक टन धान का उपार्जन गोदाम स्तरीय एवं 5358 मीट्रिक टन उपार्जन समिति स्तरीय किया गया है। इसी प्रकार जिले में अब तक 2 पंजीकृत किसानों द्वारा कोदो-कुटकी का उपार्जन किया गया है। कलेक्टर श्री तिवारी ने शेष पंजीकृत किसानों से भी कोदो-कुटकी का उपार्जन शीघ्र कराने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान उपसंचालक कृषि डॉ. आर एन पटेल ने जानकारी देते हुये बताया कि जिले में पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध है।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक के दौरान जिला पंजीयक पंकज कोरी, जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विमल चौरसिया, सहायक संचालक मत्स्य आशीष नायक, जिला रोजगार अधिकारी डीके पासी, जिला कोषालय अधिकारी अरविंद सिंह, जिला पेंशन अधिकारी नीतू गुप्ता, जिला खनिज अधिकारी रत्नेश दीक्षित, एनआईसी के जिला सूचना अधिकारी श्री प्रफुल्ल श्रीवास्तव, जिला श्रम अधिकारी केबी मिश्रा सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।









