कटनी – सभी जनपद पंचायतों के सीईओ आधार कैंप के माध्यम से नागरिकों के आधार अपडेट कराकर समग्र ई-केवाईसी कार्य को पूर्ण करें। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने यह निर्देश सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में दिये। बैठक के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग लिंक के माध्यम से टीएल बैठक में वर्चुअली नहीं जुड़ने पर कलेक्टर श्री तिवारी ने गैर न्यायिक तहसीलदार विजयराघवगढ़ श्री प्रसन्न वर्मा और कटनी श्री हर्षवर्धन रामटेके को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।इस दौरान निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार और अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा भी मौजूद रहे।कलेक्टर श्री तिवारी ने समग्र में गलत मैपिंग के मामले मे अनुशंसा पर नाराजगी जाहिर करते हुये सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को सख्त हिदायत दी।कलेक्टर श्री तिवारी ने सीएमचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर को जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी से समन्वय करते हुये कार्ययोजना बनाकर जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये।बैठक में कलेक्टर ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), लंबित पेंशन प्रकरणों, नगर निगम एवं नगर परिषद के भूमि आवंटन प्रकरणों की भी समीक्षा की।
आधार कैंप की समीक्षा
बैठक के दौरान बताया गया कि ग्राम पंचायतों में लग रहे आधार कैंप में प्रतिदिन 600 से 700 नागरिकों को लाभान्वित किया जा रहा है। आधार कैंपों के माध्यम से अब तक लगभग 6 हजार बच्चों के आधार अपडेट किये जा चुके हैं। इसी प्रकार पिछले एक सप्ताह में जिले में 5 हजार 693 अपार आईडी बनाई गई है। वहीं
उपार्जन की समीक्षा
कलेक्टर श्री तिवारी ने धान उपार्जन की समीक्षा की दौरान एक गोदाम फुल होने पर ही भंडारण अन्य गोदाम में शिफ्ट कराने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि गोदाम स्तरीय खरीदी केन्द्रों पर धान खुले में न रखकर गोदाम के अंदर ही रखी जाय। उन्होंने अधिकारियों को अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन की जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश भी दिये।
अभिलेख दुरूस्ती के प्रकरणों में तहसीलदार दें अपना अभिमत
कलेक्टर ने अभिलेख दुरूस्ती के प्रकरणों की समीक्षा करते हुये सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि पटवारी प्रतिवेदन अपने अभिमत सहित एसडीएम को भेंजे। साथ ही उन्होंने सभी एसडीएम को भी निर्देशित किया कि प्ररकणों को स्वीकार करने से पूर्व एसडीएम सभी दस्तावेज एक बार अवश्य देखें। कलेक्टर ने अभिलेख दुरूस्ती के प्रतिवेदन बनाने हेतु नवीन पटवारियों को ट्रेनिंग दिलाये जाने के निर्देश अपर कलेक्टर को दिये।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने लंबे समय से लंबित नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिये। उन्होंने रबी सीजन के मद्देनजर लंबित सीमांकन प्रकरणों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिये।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने स्वास्थ्य विभाग, वन, कृषि, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, जल संसाधन विभाग, स्कूल शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, नगरीय विकास, खनिज, पीएचई, अनुसूचित जाति कल्याण, सहकारिता, परिवहन, उर्जा, योजना सांख्यिकी एवं वाणिज्यिक कर विभाग की समीक्षा की। उन्होंने इन सभी विभागों को लंबित शिकायतों का शीघ्र निराकरण कर रैंकिेंग में सुधार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राजस्व विभाग के अंतर्गत तहसीलवार लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की भी समीक्षा करते हुये सभी तहसीलदारों को पूरी गंभीरता के साथ शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक के दौरान सभी डिप्टी कलेक्टर, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, जिला पंजीयक पंकज कोरी, जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विमल चौरसिया, जिला रोजगार अधिकारी डीके पासी, जिला कोषालय अधिकारी अरविंद सिंह, जिला पेंशन अधिकारी नीतू गुप्ता, जिला खनिज अधिकारी रत्नेश दीक्षित, जिला श्रम अधिकारी केबी मिश्रा, सिविज सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।









