कटनी – रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना अंतर्गत समर्थन मूल्य पर कटनी जिले के इतिहास में किसानों से पहली बार हो रहे कोदो-कुटकी के उपार्जन में जिले में अब तक 22 किसानों से 186 क्विंटल कोदो का उपार्जन किया जा चुका है। जबकि कोदो उपार्जन के विरूद्ध किसानों को 4 लाख 64 हजार 964 रूपये का भुगतान किया जाएगा। उपार्जित कोदो का शत-प्रतिशत परिवहन किया जा चुका है।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले में किसानों की सुविधा के लिए कोदो कुटकी का उपार्जन म.प्र. राज्य वेयर हाउस, मझगंवा, बड़वारा के उपार्जन केन्द्र पर किया जा रहा है। इस उपार्जन केंद्र का संचालन संगम बी.डी. कृषक उत्पादक संगठन द्वारा किया जाएगा। जिले के 309 किसानों ने ई-उपार्जन पोर्टल पर अपनी फसल बेचने के लिए पंजीयन कराया है। कोदो-कुटकी की खरीदी 15 जनवरी 2026 तक की जायेगी।
1 हजार रुपए प्रति क्विंटल मिलेगी प्रोत्साहन राशि
श्रीअन्न उत्पादक जिले के कृषकों से श्रीअन्न कंसोर्टियम ऑफ फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (श्रीअन्न फेडरेशन) द्वारा कोदो-कुटकी का उपार्जन किया जा रहा है। खरीफ- 2025 में उत्पादित श्रीअन्न कुटकी 3500 रूपये प्रति क्विंटल एवं कोदो 2500 रुपये प्रति क्विंटल के मान से उपार्जन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त कृषको को प्रोत्साहन राशि के रूप में 1000 रुपये प्रति क्विंटल के मान से संबंधित कृषकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रदाय किये जायेंगे।
सभी पंजीकृत किसानों से निर्धारित एफएक्यू मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण उपज लेकर ही उपार्जन केंद्र पर आने की अपील की गई है।








