कटनी – महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशों के परिपालन में नगर की अनधिकृत कालोनियों के निवासियों से विकास शुल्क की राशि जमा कराकर वार्डो में अधोसंरचना विकास कार्य सुनिश्चित करने हेतु मंगलवार को पुनः तीन वार्डो में शिविर का आयोजन किया जाकर क्षेत्रीय रहवासियों से वार्ड में ही विकास शुल्क की राशि जमा कराने की सुविधा प्रदान कर 3 लाख 3 हजार रुपये की राशि निगम कोष में जमा कराई गई।
नोडल अधिकारी एवं प्रभारी कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह ने बताया कि नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 3 लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में पहरूआ स्कूल के पास आयोजित शिविर में 59 हजार रुपये का विकास शुल्क जमा किया गया। वहीं इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 4 के शिवाजी नगर, बालाजी नगर में आयोजित शिविरों का नागरिकों द्वारा भरपूर लाभ प्राप्त करते हुए 1 लाख 42 हजार रुपये का विकास शुल्क जमा कराया गया। जबकि राम मनोहर लोहिया वार्ड क्रमांक 5 के अहमदनगर में आयोजित शिविरों में विकास शुल्क के पेटे 10 हजार रुपये जमा किए गए। इसी प्रकार नगर निगम कार्यालय में भी 92 हजार रुपये का विकास शुल्क जमा किया गया। आयोजित शिविर के दौरान निगम के शिविर प्रभारी सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे, जिनके द्वारा नागरिकों को विकास शुल्क की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं इससे होने वाले लाभों की जानकारी दी।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि अनधिकृत कालोनियों के नियमितीकरण एवं विकास की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। शेष रहवासियों से भी अपील की गई है कि वे आगामी दिनों में आयोजित होने वाले शिविरों में उपस्थित होकर विकास शुल्क जमा करें, ताकि उनके क्षेत्रों में भी शीघ्र विकास कार्य प्रारंभ किए जा सकें और समग्र विकास को गति मिल सके।
उल्लेखनीय है कि नागरिकों की सुविधा के मद्देनजर शिविर के तीसरे दिन बुधवार 31 दिसंबर को वार्ड क्रमांक 3, 4 एवं 5 के निर्धारित स्थलों में शिविरों का आयोजन प्रातः 11 बजे से शाम 5ः30 बजे तक किया जायेगा।








