कटनी – कटनी नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं नागरिकों के लिए सुव्यवस्थित बनाए रखने की दिशा में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को माधवनगर स्थित अमीरगंज तालाब एवं नदी पर स्थित पीपल घाट क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान संचालित किया जाकर घाट के आसपास व्याप्त अपशिष्ट एवं पूजन सामग्री की सफाई की गई।
नगर के मुख्य मार्गो की व्यवस्थित सफाई व्यवस्था एवं वायु गुणवत्ता के मद्देनजर आधुनिक रोड स्वीपिंग मशीन के माध्यम से नदीपार स्थित नदीपार, कृषि उपज मंडी मार्ग एवं बरगवां मुख्य मार्ग के दौनों ओर की सफाई सहित डिवाइडरों की सफाई कराई जाकर प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे एवं मध्य मार्ग पर जमी धूल-मिट्टी की गहन सफाई कराई गई। स्वीपिंग मशीन के उपयोग से जहां मार्गों की स्वच्छता में उल्लेखनीय सुधार हुआ, वहीं उड़ने वाली धूल पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ, जिससे आमजन को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो रहा है।
इन स्थलों मे की गई सफाई
सुचारू सफाई व्यवस्था के मद्देनजर बस स्टैंड परिसर, स्टेशन रोड मुख्य पहुंच मार्ग, गांधी द्वारा से मिशन चौक, सुभाष चौक, गोल बाजार, दुर्गा चौक, नई बस्ती, भीमराव चौक, जगन्नाथ चौक से गर्ग चौराहा, खिरहनी फाटक ओवरब्रिज के नीचे, एम.एस.डब्ल्यू प्लांट पहुंच मार्ग, अहमद नगर बस्ती, मंगल नगर सहित नगरीय एवं उपनगरीय क्षेत्र माधवनगर के विभिन्न मुख्य एवं अन्य मार्गों की सफाई कराई जाकर एकत्रित अपशिष्ट को प्लांट भेजा गया। वहीं डोर टू डोर कचरा संग्रहण कार्य के साथ -साथ नगर के विभिन्न वार्डों के नाले एवं नालियों की सफाई कराई जाकर सुगम जल निकासी के प्रयास किये गए।









