कटनी – सभी विभाग सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से करना सुनिश्चित करें। शिकायतें नॉट अटेंड पाये जाने पर अधिकारियों की वेतन काटने की कार्यवाही की जायेगी। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार एवं अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री तिवारी ने निगमायुक्त को पीएम स्वनिधि के अंतर्गत लंबित प्रकरणों में अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को राज्य मानवाधिकार आयोग के लंबित प्रकरणों में समय पर प्रतिवेदन प्रेषित करने के निर्देश दिये।
बैठक के दौरान पोषण ट्रैकर ऐप के अनुसार कुपोषित, गंभीर कुपोषित और पोषण पुनर्वास केन्द्रों में भर्ती बच्चों की जानकारी सहित लाड़ली लक्ष्मी योजना में नवीन पंजीयन की समीक्षा की गई। लाड़ली लक्ष्मी योजना में कम पंजीयन पर कलेक्टर श्री तिवारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग के सभी परियोजना अधिकारियों को अधिक से अधिक पंजीयन कराने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री तिवारी ने धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री उज्ज्वला 3.0 योजना के तहत आदिवासी परिवारों की ई-केवाईसी करने और नि:शुल्क गैस, चूल्हा व गैस-सिलेण्डर से लाभान्वित कराने के निर्देश जिला आपूर्ति अधिकारी को दिये।
कलेक्टर श्री तिवारी ने उपसंचालक कृषि को “प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना” के तहत सोलर पंप वितरण का लक्ष्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दियें। योजनांतर्गत जिले के 559 किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप प्रदान किये जाने है।
पटवारियों को जारी होगा नोटिस
बैठक में कलेक्टर श्री तिवारी ने जनपद पंचायत रीठी, बड़वारा और ढ़ीमरखेड़ा को समग्र ई-केवाईसी कार्य में गति लाने के निर्देश दिये। उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि एवं एनपीसीआई कैंपों में फार्मर आईडी रजिस्ट्री में कम प्रगति पर नाराजगी जाहिर की। साथ ही कलेक्टर ने कम प्रगति वाले और कार्यों में रूचि नहीं लेने वाले पटवारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनवायें
कलेक्टर श्री तिवारी ने जिले में 12 जनवरी से शुरू हुये संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा करते हुये सभी विभागों को अपने विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों को पोर्टल में ऑनलाईन दर्ज करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के सीईओ, नगरीय निकायों एवं तहसीलदारों को बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनाने से संबंधित लंबित आवेदनों पर कार्यवाही कर अभियान के अंतर्गत अगले एक सप्ताह में शत-प्रतिशत जन्म प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश दिये।
पेंशन प्रकरणों की समीक्षा
कलेक्टर श्री तिवारी ने शिक्षा, पीएचई, जनसंसाधन, वन, राजस्व विभाग की लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने सभी डीडीओ को निर्देशित किया कि चेकलिस्ट के अनुसार एक बार में ही सभी आपत्तियों के निराकरण प्रकरण पेंशन अधिकारी की तरफ भेंजे। साथ ही उन्होंने पेंशन अधिकारी को भी निर्देश दिये के बिना चेकलिस्ट के प्रकरणों को स्वीकार न करें।
संपूर्णता अभियान 2.0
बैठक के दौरान नीति आयोग द्वारा क्रियान्वित आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के चयनित आकांक्षी विकासखंड रीठी में संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत 6 प्रमुख संकेतकों को शत-प्रतिशत सेचुरेशन तक पहुंचाने के निर्देश दिये गये। नीति आयोग द्वारा संचालित “संपूर्णता अभियान 2.0” का मुख्य उद्देश्य आगामी तीन माह की अवधि में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं पशुपालन विभागों से संबंधित 6 प्रमुख संकेतको को सौ फीसदी सेचुरेशन तक पहुंचाना है। यह अभियान विभागीय समन्वय, जन भागीदारी, फ्रंटलाइन वर्कर्स की सक्रिय भूमिका तथा सतत निगरानी पर आधारित है।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक के दौरान सभी डिप्टी कलेक्टर, सभी एसडीएम, जिला पंजीयक पंकज कोरी, जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम, जिला रोजगार अधिकारी डी के पासी, उद्योग विभाग की महाप्रबंधक ज्योति सिंह चौहान, जिला पेंशन अधिकारी नीतू गुप्ता, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विमल चौरसिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी वनश्री कुर्वेती, जिला आपूर्ति अधिकारी सज्जन सिंह परिहार, प्राचार्य शासकीय तिलक कॉलेज सुनील कुमार बाजपेयी, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, लोकसेवा के जिला प्रबंधक दिनेश विश्वकर्मा सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।









