कटनी– शहरहित तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था प्रदान करने के उद्धेश्य से नगरनिगम प्रशासन द्वारा रोजाना निर्धारित कार्य योजना के अनुरूप नगरीय एवं उपनगरीय क्षेत्रों के मुख्य मार्गो एवं बाजार क्षेत्रों की सार्वजनिक सड़कों के किनारे जमा अस्थाई अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। निगम प्रशासन की इस कार्यवाही से जहां एक ओर मार्ग व्यवस्थित हो रहा है वहीं दूसरी ओर नागरिकों का आवागमन भी सुगम हो रहा है।अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह ने बताया कि सुगम यातायात हेतु शुक्रवार प्रातः नगरीय एवं उपनगरीय क्षेत्र माधवनगर के बजार क्षेत्रों में अतिक्रमण टीम द्वारा मार्च की कार्यवाही के दौरान दुकानों के बाहर रखी सामग्री एवं टीन शैड, बोर्ड, अनाधिकृत रूप से रखे ठेले, टपरों को स्वेच्छा से हटानें की मुनादी की गई। वहीं दोपहर पश्चात उपनगरीय क्षेत्र माधवनगर के मुख्य मार्गो एवं नगर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों गर्ग चौराहा से दुर्गा चौक, सुभाष चौक, झंडा बाजार, कपड़ा बाजार, पुरानी कचहरी, मिशन चौक, बस सटैंड, सिल्वर टाॅकीज रोड़, कोतवाली तिराहा सहित नगर के अन्य स्थलों में की गई कार्यवाही के दौरान सब्जी विक्रेताओं एवं ठेला संचालकों को सार्वजनिक मार्ग से हटाने की कार्यवाही की गई।अभियान के दौरान दुकानों की सामग्री को निर्धारित स्थल दुकान के अंदर कराया जाकर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ किया गया। समाचार लिखे जाने तक की गई कार्यवाही के दौरान 8 हजार रूपये का स्पॉट फाइन भी किया गया। निगम प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की की गई कार्यवाही के पश्चात क्षेत्र की सड़कें साफ, सुन्दर एवं सुगम आवागमन हेतु चैड़ी दिखाई दी। अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह ने बताया कि रोजना की कार्यवाही के दौरान नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ सड़क किनारे दुकान लगाकर यातायात प्रभावित न करने की समझाईश भी दी जाकर नगर के फुटकर सब्जी विक्रेताओं को हाकर्स जोन में व्यवस्थित किया जा रहा है।









