कटनी (16 फरवरी) – वित्तीय वर्ष की समाप्ति के मद्देनजर निगम के बकाया करों की वसूली कर राजस्व आय बढ़ाने के उद्देश्य से निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर निग प्रशासन द्वारा आयोजित किये जाने वाले विशेष शिविरों के तहत सोमवार को नगर के दो स्थलों में विशेष शिविर का आयोजन किया गया।राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए शंभू टॉकीज के पास सरावगी सदन और सत्यनारायण मंदिर के सामने आयोजित किए गए शिविरों का करदाताओं ने भरपूर लाभ उठाते हुए अपने बकाया करों को जमा कर नगर विकास के सहभागी बने।
मंगलवार को यहां आयोजित होंगे शिविर
नागरिकों की सुविधा के मद्देनजर मंगलवार 17 फरवरी को पुरैनी स्थित कुठला थाने के सामने तथा वार्ड क्रमांक 27,28, एवं 29 के नागरिकों के लिए हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शिविरों का आयोजन किया जाकर नागरिकों को बकाया कर जमा करने की सुविधा प्रदान की जायेगी। शिविर के दौरान उपस्थित दल द्वारा नागरिकों की करों संबंधी समस्याओं एवं शंकाओं का भी निराकरण किया जायेगा।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा राजस्व वसूली में गति लाने तथा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे विशेष शिविरों के आयोजन की सुविधा का भरपूर लाभ प्राप्त कर समय पर अपने वार्डो में ही बकाया करों का भुगतान करें तथा शहर के विकास कार्यों में सहभागी बनें।









