जबलपुर, जिला प्रशासन द्वारा स्कूली बच्चों और अभिभावकों को रियायती दरों पर निजी स्कूलों की पाठ्यपुस्तकें और यूनिफार्म उपलब्ध कराने गोलबाजार स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में आयोजित पुस्तक मेला के आज ग्यारहवें दिन भी खासी चहल-पहल देखी गई। बड़ी संख्या में पुस्तक मेला पहुँचे विद्यार्थियों और अभिभावकों ने किताबों, यूनिफार्म, कापियों तथा अन्य शैक्षणिक सामग्री पर मिल रही भारी छूट का लाभ
उठाया। पुस्तक मेला के ग्यारहवें दिन भी शिक्षा, साहित्य और कला का संगम दिखाई दिया। पुस्तक मेला के ग्यारहवें दिन के मुख्य अतिथि के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री अजय विश्नोई थे। विशिष्ट अतिथि समाज सेवी श्री आशुतोष दुबे एवं श्री शिवनारायण पटेल तथा प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ प्रदीप दुबे थे। इन सभी अतिथियों ने सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ करने के बाद मेला का अवलोकन किया। इसके पहले जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने अतिथियों का स्वागत किया और पुस्तक मेला में इस वर्ष
किये गये नवाचारों की जानकारी दी। विधायक श्री अजय विश्नोई ने अपने संबोधन में पुस्तक मेला के आयोजन और इसे निरंतरता प्रदान करने के लिये जिला प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुस्तक मेला अभिभावकों को निजी स्कूलों
की महंगी किताबों के बोझ से राहत दिलाने में कामयाब साबित हुआ है। श्री विश्नोई ने कहा कि जबलपुर जिले से वर्ष 2024 में शुरू की गई इस पहल को प्रदेश के सभी जिलों ने अपनाया है। विशिष्ट अतिथि डॉ प्रदीप दुबे ने शिक्षा सबसे बड़ी शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के रास्ते से ही उच्च पदों पर पहुँचकर समाज और देश की सेवा की जा सकती है।
आखिरी दिन रविवार को भी दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगा पुस्तक मेला :-
जिला प्रशासन द्वारा लगातार तीसरे वर्ष आयोजित किये गये बारह दिनों के पुस्तक मेला अपने आखिरी दिन रविवार 5 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगा और रात 10 बजे तक खुला रहेगा।










