कटनी – आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा में लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिले में “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026” का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने अभियान के तहत अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण, जनसंवाद के द्वारा लंबित प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिये हैं।
हर शुक्रवार होगा क्षेत्र भ्रमण और निरीक्षण
यह अभियान 8 जनवरी 2027 तक चलेगा। इस दौरान प्रत्येक सप्ताह के पंचम दिवस अर्थात शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान संचालित किया जाएगा। निर्धारित दिवस पर जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा चिन्हित क्षेत्रों का भ्रमण एवं निरीक्षण किया जाएगा तथा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और शिकायतों के निराकरण की मौके पर समीक्षा की जाएगी।
लंबित प्रकरणों का होगा निराकरण
अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि पात्र मामलों का निराकरण भ्रमण अथवा शिविर की तिथि के पूर्व सुनिश्चित किया जाए। वहीं भ्रमण तिथि तक निराकरण से शेष रह जाने वाले प्रकरणों का मौके पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।जिन आवेदन एवं शिकायतों का तत्काल निराकरण संभव नहीं है, उनके लिए निर्धारित समय-सीमा तय कर आवेदकों को सूचित किया जाएगा। साथ ही ऐसे प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लंबित मामलों के निराकरण में अनावश्यक देरी न हो।
आयोजित होंगे जिला स्तरीय ऑनलाइन समाधान कार्यक्रम
अभियान के दौरान यदि जिले में मुख्यमंत्री का भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित होता है, तो उस स्थिति में जिला स्तरीय समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से आमजन की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जाएगा।
हर शुक्रवार विभागीय समीक्षा बैठक के निर्देश
कलेक्टर श्री तिवारी ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया है कि अभियान अवधि के दौरान प्रत्येक शुक्रवार को समीक्षा बैठक आदि का आयोजन सुनिश्चित करें। साथ ही उस दिन संबंधित अधिकारी-कर्मचारी अपने कार्यालय में लंबित सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं अन्य शिकायतों तथा आवेदनों के निराकरण की कार्रवाई करेंगे।


