कटनी – जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती सुधा कोल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ब्रतेश जैन ने संयुक्त रूप से प्राथमिक शाला टीकर पहुंचकर मिड डे मील एवं परसवारा में निस्तारी पानी की निकासी हेतु नाली समस्या का औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। श्री जैन ने टीकर में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता को परखने दो निवाले चखे। श्री जैन ने मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन बनाने के निर्देश सरस्वती स्व सहायता समूह को दिए। उन्होंने निस्तार पानी की समस्या के निराकरण हेतु ग्राम पंचायत को तत्परता पूर्वक आवश्यक कार्रवाई करने की निर्देश दिए। श्री जैन ने कहा कि मिड डे मील के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को गरमा गरम गुणवत्तापूर्ण भोजन स्वच्छता के साथ बनाया जाकर उपलब्ध कराया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं की जाए। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों द्वारा मैदानी स्तर पर शासन द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं के समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सतत रूप से भ्रमण कर निगरानी की जा रही है।

