जबलपुर, रांझी में पनेहरा पेट्रोल पम्प (अमीर एंड संस) परिसर में खोले गये डोमिनोस आउटलेट को कल शनिवार की देर शाम तक चली जांच की कार्यवाही में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सील कर दिया गया है। इस आउटलेट को फायर एनओसी प्राप्त किये बिना ही खोल दिया गया था। ज्ञात हो कि कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ आयुष जाखड़ के साथ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शनिवार को केंट विधानसभा में क्षेत्र भ्रमण के दौरान दोपहर बाद पनेहरा स्थित अमीर एंड संस पेट्रोल पम्प का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पम्प परिसर में डोमिनोस के आउटलेट की जांच भी की गई थी। कलेक्टर श्री सिंह ने पेट्रोल पम्प पर किसी बड़े अग्नि हादसे की आशंका को देखते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को डोमिनोस आउटलेट की सभी तरह की अनुज्ञप्तियों और अनुमतियों की तत्काल जांच के निर्देश दिये थे। कलेक्टर के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर रघुवीर सिंह मरावी के नेतृत्व में अधिकारियों के दल ने शनिवार
को देर शाम तक डोमिनोस आउटलेट के दस्तावेजों की पड़ताल की और सबसे जरूरी फायर एनओसी नहीं पाये जाने पर डोमिनोस आउटलेट को सील करने की कार्यवाही की।


