कटनी – पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एन.के.जे., कटनी में महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य श्री अविनाश कुमार पांडेय सहित श्रीमती रेखा मिश्रा, श्री जे.एन. तिवारी, श्री वी.के. पटेल, श्री रघुवर दास, श्री सुमित मसीह एवं अन्य शिक्षकों द्वारा मेजर ध्यानचंद के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।इस अवसर पर कक्षा 11वीं ‘सी’ की छात्रा अनन्या गर्ग ने मेजर ध्यानचंद के जीवन एवं खेल उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। प्रभारी प्राचार्य श्री अविनाश कुमार पांडेय ने राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन के उद्देश्य पर विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस की थीम “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” रखी गई।राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न सदनवार खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ सहभागिता की। इंडोर गेम्स के अंतर्गत कैरम एवं शतरंज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों में एकाग्रता, धैर्य, रणनीतिक सोच और निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ावा मिला।आउटडोर गेम्स के अंतर्गत विभिन्न सदनों के बीच वॉलीबॉल, कबड्डी और रस्साकशी प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। छात्राओं की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में रमन हाउस विजेता तथा शिवाजी हाउस उपविजेता रहा। छात्रों की कबड्डी प्रतियोगिता में अशोक हाउस ने प्रथम तथा रमन हाउस ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। छात्राओं की कबड्डी में शिवाजी हाउस विजेता और टैगोर हाउस उपविजेता रहा। छात्राओं की रस्साकशी में अशोक हाउस विजेता तथा शिवाजी हाउस उपविजेता रहा, जबकि छात्रों की रस्साकशी में टैगोर हाउस प्रथम और शिवाजी हाउस द्वितीय स्थान पर रहा।कैरम प्रतियोगिता में शिवाजी हाउस ने प्रथम, टैगोर हाउस ने द्वितीय तथा रमन हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शतरंज में अशोक हाउस के श्रीयांश दुबे एवं रमन हाउस के वेदांश कुमार विश्वकर्मा संयुक्त विजेता रहे, जबकि टैगोर हाउस के मोहम्मद रेहान उपविजेता रहे।प्राथमिक विभाग में 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। कक्षा 4 के बालक वर्ग में निशांत प्रथम, अश्विनी कुमार द्वितीय और प्रीतम तृतीय रहे। बालिका वर्ग में सोनी कुमारी प्रथम, अंबिका द्वितीय और त्रिशा तृतीय स्थान पर रहीं। कक्षा 5 के बालक वर्ग में अर्पित बैस ने प्रथम, कृष्णा चौरिया ने द्वितीय और अरनव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में अवनी प्रथम, संध्या द्वितीय और आकांक्षा तृतीय रहीं।राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं ने विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत किया। विद्यार्थियों ने “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” की भावना को आत्मसात करते हुए पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों एवं विजेता टीमों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। विद्यालय में आयोजित यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं आनंददायक रहा तथा उन्हें नियमित रूप से खेल गतिविधियों में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित करने में सफल रहा।

