कटनी – दधिकांदो महोत्सव के अवसर पर रविवार को नगर में निकलने वाली भगवान श्री मुरली मनोहर जी की भव्य शोभायात्रा एवं विभिन्न स्थलों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर नगर पालिक निगम प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन के मद्देनजर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जुलूस मार्ग सहित प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं आयोजन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण तैयार किया किया गया ।निगम के स्वच्छता मित्रों द्वारा लक्ष्मी नारायण मंदिर से प्रस्तावित जुलूस मार्ग, झंडा बाजार, घंटाघर, गर्ग चौराहा, बरही रोड, स्टेशन रोड, शंकर टॉकीज रोड, सुभाष चौक से मिशन चौक, आजाद चौक, मोहन घाट, नई बस्ती सरस्वती स्कूल मार्ग, गांधी गंज, दुबे कॉलोनी, दुर्गा चौक खिरहनी एवं एनकेजे बजरिया सहित बरगवां एवं कृषि उपज मंडी मुख्य मार्ग तथा डिवाइडरों की सफाई कराई गई। मिशन चौक ओवरब्रिज पर भी विशेष सफाई अभियान चलाकर जमा धूल-मिट्टी एवं अन्य अपशिष्ट हटाए गए। निगम प्रशासन द्वारा जुलूस मार्ग पर सफाई व्यवस्था की निरंतर निगरानी के साथ, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, हांका टीम की तैनाती के साथ ही आवश्यकतानुसार तत्काल सफाई कार्य कराने की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित कराई गई, ताकि जुलूस के दौरान नगर में स्वच्छता बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जल निकासी व्यवस्था पर नजर
वर्तमान बारिश की स्थिति में संभावित जलभराव की समस्या के निरीक्षण हेतु निगम प्रशासन द्वारा नाले-नालियों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। जिसके तहत रविवार को रचना नगर में कच्ची नाली निर्माण के साथ वार्ड क्रमांक 19 जैन कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 29 भूमिया टोला, वार्ड क्रमांक 32 डायर कंपनी के सामने, वार्ड क्रमांक 33 मंगल नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में नाले-नालियों की सफाई एवं जमा अपशिष्ट का उठाव कार्य कराया गया।


