कटनी /बहोरीबंद ,राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय बहोरीबंद में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उमंग स्वास्थ्य केंद्र, बहोरीबंद के माध्यम से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अरविंद कुमार बैरागी, काउंसलर, उमंग स्वास्थ्य केंद्र बहोरीबंद द्वारा छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव, निराशा, उदासी एवं कठिन परिस्थितियों से निपटने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि मानसिक परेशानी के समय अपनी भावनाओं और समस्याओं को किसी विश्वसनीय व्यक्ति जैसे परिवार, मित्र, शिक्षक या काउंसलर से साझा करना बहुत जरूरी है। सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए। वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय बहोरीबंद में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं को जानकारी देते हुए अरविंद कुमार बैरागी, काउंसलर, उमंग स्वास्थ्य केंद्र बड़वारा।
संवाद से समाधान
कार्यक्रम में शामिल छात्राओं ने आत्महत्या रोकथाम की शपथ ली।
इस अवसर पर छात्राओं को आत्महत्या रोकथाम शपथ भी दिलाई गई। शपथ के माध्यम से छात्राओं ने जीवन का सम्मान करने, अपने आसपास के लोगों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहने, किसी व्यक्ति में निराशा या अकेलेपन के संकेत दिखाई देने पर उसकी बात सुनने, स्वयं मदद लेने में संकोच न करने तथा समाज में सहानुभूतिपूर्ण वातावरण बनाने का संकल्प लिया।
शपथ के मुख्य बिंदु
जीवन का सम्मान करूंगी/करूंगा। अपने आसपास के लोगों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहूंगी/रहूंगा। किसी व्यक्ति में निराशा, उदासी या अकेलेपन के लक्षण दिखें तो बिना जज किए उसकी बात सुनूंगी/सुनूंगा। स्वयं कठिन परिस्थिति में होने पर मदद लेने में संकोच नहीं करूंगी/करूंगा।समाज में सहानुभूतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाने का प्रयास करूंगी/करूंगा। अपने दैनिक जीवन में सकारात्मकता फैलाऊँगी/फैलाऊँगा और किसी को ठेस पहुँचाने वाली बातों से बचूँगी/बचूँगा। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और सकारात्मक सोच अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय बहोरीबंद की प्राचार्य श्री डॉ एम यू सिद्धकी एवं समस्त कॉलेज शिक्षको की उपस्थित रहीं।


