कटनी – जलकर राहत योजना के तहत बकायेदार उपभोक्ताओं को 50 प्रतिशत की छूट का लाभ दिलाने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अधिक से अधिक नागरिकों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से रविवार के शासकीय अवकाश के दिन भी निगम के कैश काउंटर खुले रखे गए, जहां उपभोक्ताओं को बकाया जलकर जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई।योजना का लाभ प्रत्येक पात्र उपभोक्ता तक पहुंचाने के लिए निगम की गठित टीम ने घर-घर संपर्क कर बकायेदारों को योजना की जानकारी दी तथा निर्धारित अवधि में बकाया राशि का भुगतान कर छूट का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उपभोक्ताओं को बताया गया कि कुल बकाया जलकर का 50 प्रतिशत एकमुश्त जमा करने पर शेष 50 प्रतिशत राशि की छूट प्राप्त की जा सकती है। अवकाश के दिन भी काउंटर संचालित कर निगम प्रशासन ने नागरिकों को भुगतान के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराई।
10 अक्टूबर तक ही मिलेगा छूट का लाभ
निगम प्रशासन ने जलकर के बकायेदार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे योजना की निर्धारित अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2026 तक कुल बकाया जलकर की 50 प्रतिशत राशि एकमुश्त जमा कर शेष 50 प्रतिशत की छूट का लाभ अवश्य प्राप्त करें। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा। अतः उपभोक्ता अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते अपने बकाया जलकर का भुगतान कर राहत योजना का लाभ उठाएं।


