कटनी- नगर पालिक निगम कटनी द्वारा स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रतिदिन विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। निगम प्रशासन द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत धार्मिक स्थलों से पूजन सामग्री का संग्रहण, नियमित सफाई तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए वार्डों में कीटनाशक छिड़काव जैसे कार्य प्राथमिकता से किए जा रहे हैं।
धार्मिक स्थलों से पूजन सामग्री का संग्रहण
धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए निगम के अमले द्वारा मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों से पूजन सामग्री, फूल-माला सहित अन्य अपशिष्ट का नियमित संग्रहण किया जा रहा है। नागरिकों को पूजन सामग्री खुले स्थानों एवं जल स्रोतों में विसर्जित न करने तथा निर्धारित संग्रहण व्यवस्था का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देना है।
नियमित सफाई से व्यवस्थित हो रहे सार्वजनिक स्थल
शहर के मुख्य मार्गों, वार्डों, सार्वजनिक स्थलों एवं आवागमन वाले क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य अमले द्वारा नियमित रूप से दो शिफ्ट में सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत कचरे का संग्रहण, सफाई तथा आवश्यकतानुसार विशेष स्वच्छता गतिविधियां आयोजित कर नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु कीटनाशक छिड़काव
मौसम में बदलाव के दौरान मच्छरजनित एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से निगम द्वारा कीटनाशक छिड़काव अभियान भी निरंतर चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मंगलवार को नगर के वार्ड क्रमांक 23 एवं 27 के विभिन्न स्थलों में आवश्यकतानुसार फागिंग मशीन से दवा का छिड़काव कर मच्छरों को नियंत्रित करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की दिशा में कार्य किया गया। साथ ही नागरिकों से घरों एवं आसपास पानी जमा न होने देने और स्वच्छता गतिविधियों में सहयोग करने की अपील की जा रही है।
जनभागीदारी से साकार होगा स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर का संकल्प
निगम प्रशासन द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल सफाई व्यवस्था तक सीमित न रहकर नागरिकों में स्वच्छता के प्रति स्थायी व्यवहार विकसित करना भी है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, पूजन सामग्री का उचित संग्रहण सुनिश्चित करें तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।


