कटनी – गांव की चौपाल से लेकर स्कूल की कक्षा और आंगनवाड़ी केंद्र तक पहुंचकर ग्रामीणों एवं बच्चों से सीधे संवाद स्थापित कर जमीनी स्तर पर विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने विकासखंड कटनी के ग्राम तखला का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।कलेक्टर श्री तिवारी ने शासकीय प्राथमिक शाला, आंगनवाड़ी केंद्र एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई जानी, शैक्षणिक दक्षता परखी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, वनमंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार, एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल, सरपंच ग्राम तखला श्री अनिल सिंह चौहान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
आंगनवाड़ी में योजनाओं की स्थिति जानी, शत-प्रतिशत टीकाकरण के निर्देश
आंगनवाड़ी केंद्र में कलेक्टर श्री तिवारी ने गर्भवती महिलाओं के ऑनलाइन पंजीयन, पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड तथा बच्चों के टीकाकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिये कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बच्चों के शत-प्रतिशत टीकाकरण के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कक्षा 5 के छात्र ने पढ़कर सुनाया अंग्रेजी का पाठ
शासकीय प्राथमिक शाला में कलेक्टर श्री तिवारी ने बच्चों की पढ़ाई के स्तर का सहज तरीके से परीक्षण किया। उन्होंने कक्षा 5 के छात्र रोशन साहू से अंग्रेजी विषय के ‘द लिटिल प्लांट’ चैप्टर की तीन लाइन पढ़कर सुनाने को कहा। कलेक्टर के कहने पर रोशन साहू ने बिना झिझक आत्मविश्वास के साथ अंग्रेजी की तीन लाइन पढ़कर सुनाईं। रोशन की प्रस्तुति पर कलेक्टर ने उसका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने प्रधानाध्यापक श्री दिनेश पाली को निर्देश दिए कि विद्यालय के अन्य बच्चों को भी अंग्रेजी पढ़ने और बोलने की नियमित प्रैक्टिस कराई जाए, ताकि उनमें अंग्रेजी भाषा के प्रति आत्मविश्वास विकसित हो।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण
इसके उपरांत कलेक्टर श्री तिवारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक व्यवस्थाएं पर्याप्त रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों, इसके लिए स्वास्थ्य संस्थाओं में आवश्यक व्यवस्थाओं का नियमित रूप से जायजा लिया जाए।


