जबलपुर, मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की 1 नवम्बर को आयोजित की जा रही सहायक जिला लोक अभियोजन
अधिकारी परीक्षा-2026 जबलपुर में 14 केन्द्रों पर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक होगी। इन परीक्षा
केन्द्रों पर 5 हजार 724 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निर्विघ्न, सुव्यवस्थित और शुचितापूर्ण रूप से
संपन्न कराने सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जाएंगे, जिसके तहत केंद्रों पर त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया को
अनिवार्य रूप से लागू किया गया है। सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी परीक्षा-2026 की पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए परीक्षार्थियों के परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश के दौरान त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया अपनाई जायेगी। इसमें
सीसीटीव्ही सर्विलेंस, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण और एचएचएमडी के माध्यम से प्रवेश पत्र की स्कैनिंग
शामिल है। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से ठीक 90 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य कर दिया
गया है। परीक्षार्थी अपने साथ केवल आवश्यक बॉलपेन, पारदर्शी पानी की बोतल, ई-प्रवेश पत्र और अपना पहचान
पत्र ही ले जा सकेंगे। सुरक्षा जांच के दौरान महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला वीक्षकों द्वारा अलग
केबिन में की जाएगी, जबकि पुरुष परीक्षार्थियों की जांच पुरुष कर्मचारी करेंगे। इसके साथ ही ट्रांसजेंडर
अभ्यर्थियों को यह विशेष विकल्प दिया गया है कि वे अपनी जांच पुरुष या महिला, किसी भी कर्मचारी से
करा सकते हैं। परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर ही वर्जित और अनुमत वस्तुओं की विस्तृत सूची चस्पा की
जाएगी, ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी तरह के भ्रम का सामना न करना पड़े और परीक्षा की गरिमा
बनी रहे।

