कटनी – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने विकासखंड ढीमरखेड़ा के सगौना जलाशय का निरीक्षण कर मत्स्य पालन, मछली उत्पादन, विपणन व्यवस्था और समिति की आर्थिक गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए मछुआ सदस्यों को मत्स्याखेट के लिए जाल भी वितरित किए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर और जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय व सहायक संचालक मत्स्योद्योग श्री आशीष नायक उपस्थित रहे।
समिति के प्रयासों की सराहना
कलेक्टर श्री तिवारी ने सगौना आदिवासी मछुआ सहकारी समिति के अध्यक्ष श्री जगत सिंह एवं सदस्यों से संवाद कर जलाशय के पट्टा आवंटन, मत्स्य पालन पर होने वाले व्यय, मछली उत्पादन और विक्रय से प्राप्त आय की जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक खर्चों के बाद समिति को होने वाले शुद्ध लाभ तथा सदस्यों को मिल रहे आर्थिक लाभ के संबंध में भी चर्चा की। कलेक्टर ने समिति की कार्यप्रणाली और सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए मत्स्य पालन गतिविधियों को और बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
किसान क्रेडिट कार्ड से मिला आर्थिक संबल
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मछुआ किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत समिति को प्राप्त लगभग साढ़े चार लाख रुपये की राशि के उपयोग की जानकारी भी ली। समिति अध्यक्ष श्री जगत सिंह ने बताया कि इस राशि से जाल, नाव और मत्स्य पालन के लिए आवश्यक अन्य संसाधनों की व्यवस्था की गई है। उन्हें समय-समय पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कविता पंकज राय से सहयोग भी मिलता रहता है। समिति मछली उत्पादन एवं विक्रय से प्राप्त आय में से आवश्यक खर्चों की पूर्ति करने के बाद शेष लाभ सदस्यों के बीच वितरित करती है।

