कटनी– मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत जिले के समस्त पात्र हितग्राहियों को अगस्त एवं सितंबर माह का खाद्यान्न एकमुश्त उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से वितरित किया जा रहा है। सभी पात्र हितग्राही अपने निकटतम शासकीय उचित मूल्य दुकान पर पहुंचकर अपनी निर्धारित पात्रता के अनुसार दोनों माह का खाद्यान्न प्राप्त कर सकते हैं।
ई-केवाईसी अनिवार्य
जिला आपूर्ति अधिकारी श्री रविकांत ठाकुर ने बताया कि जिले में वर्तमान में 10,755 हितग्राहियों की ई-केवाईसी सत्यापन प्रक्रिया लंबित है। इस संबंध में उचित मूल्य दुकानों के विक्रेताओं को हितग्राहियों का पुन: ई-केवाईसी करने के निर्देश दिये गये हैं।
साथ ही, हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे दो माह का एकमुश्त राशन प्राप्त करते समय उचित मूल्य दुकान पर अपना ई-केवाईसी/बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं, ताकि भविष्य में राशन वितरण में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

