कटनी – जिले के पांच सांदीपनि विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था की जाएगी। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को इच्छुक फर्मों को सूचित करने के लिए पत्र जारी किया गया है।
जिले के सांदीपनि विद्यालय बड़वारा, करेला, बहोरीबंद, रीठी एवं कारीतलाई में आसपास के लगभग 3 से 7 किलोमीटर की दूरी वाले ग्रामों के विद्यार्थी अध्ययन के लिए आते हैं। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जा रही है।
जिले के पांचों सांदीपनि विद्यालयों में कुल 6 हजार 703 विद्यार्थी नामांकित हैं। इनमें सांदीपनि उमावि बड़वारा में 1262, सांदीपनि उमावि करेला में 1436, सांदीपनि उमावि बहोरीबंद में 1247, सांदीपनि उमावि रीठी में 1343 तथा सांदीपनि उमावि कारीतलाई में 1415 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
सांदीपनि उमावि कटनी में परिवहन व्यवस्था विगत तीन वर्षों से संचालित है, जिसकी मासिक दर 1000 रुपये प्रति विद्यार्थी प्रति माह है। प्रस्तावित परिवहन व्यवस्था 30 अप्रैल 2027 तक संचालित की जानी है।
परिवहन की वैकल्पिक व्यवस्था कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति द्वारा की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी से जिले में परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने के इच्छुक फर्मों को इस संबंध में सूचित करने का अनुरोध किया है।

