कटनी – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार, 2 सितंबर को भोपाल में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का कटनी जिले में भी व्यापक स्तर पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य आयोजन बस स्टैण्ड स्थित ऑडिटोरियम में होगा, जहां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने नगर निगम, युवा एवं खेल कल्याण विभाग, नोडल अधिकारी तथा शासकीय तिलक महाविद्यालय के प्राचार्य को आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
जिले के सभी शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों में भी मुख्यमंत्री के युवा संवाद कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। वहीं बस स्टैंड ऑडिटोरियम में टू-वे संचार प्रणाली स्थापित की जाएगी, जिससे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिले के छात्रों एवं युवाओं से सीधे संवाद कर सकेंगे।
कलेक्टर श्री तिवारी ने एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड के विद्यार्थियों की मुख्य कार्यक्रम में उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज एवं शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) में भी मुख्यमंत्री के संबोधन के सीधे प्रसारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित प्राचार्यों को दिए गए हैं।
युवा संवाद कार्यक्रम के माध्यम से जिले के विद्यार्थी एवं युवा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संबोधन को सुनने के साथ ही टू-वे संचार प्रणाली के माध्यम से संवाद में सहभागी बन
सकेंगे।

