कटनी – जिले में यात्री एवं स्कूली वाहनों के सुरक्षित और नियमसम्मत संचालन को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश एवं मार्गदर्शन में मंगलवार को अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री संतोष पॉल के नेतृत्व में कटनी-कैमोर मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 13 स्कूल वाहनों और 17 यात्री वाहनों सहित कुल 30 वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान परिवहन अधिकारियों ने वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, कर भुगतान, बीमा सहित अन्य आवश्यक वैधानिक दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की। साथ ही स्कूली वाहनों में विद्यार्थियों की सुरक्षित यात्रा के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों और व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान यात्री बस क्रमांक MP20 ZW 1291 नियमों के अनुरूप संचालित होती नहीं पाई गई। जांच में बस का वैध फिटनेस प्रमाण-पत्र नहीं था तथा जून माह से वाहन का कर भी जमा नहीं किया गया था। वाहन में मिली इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर थाना कुठला में सुरक्षित खड़ा कराया।
बिना फिटनेस और कर बकाया वाहन नहीं चलेंगे
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री संतोष पॉल ने स्पष्ट किया कि बिना वैध फिटनेस, आवश्यक परमिट और कर भुगतान के वाहन संचालन नियमों का उल्लंघन है। ऐसे वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन संचालकों से कहा कि वे अपने वाहनों के सभी दस्तावेज अद्यतन रखें और फिटनेस, परमिट, बीमा तथा कर सहित सभी वैधानिक औपचारिकताएं समय-सीमा में पूरी करें।
परिवहन विभाग द्वारा विशेष रूप से स्कूल वाहनों की जांच पर जोर दिया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। अधिकारियों ने वाहन संचालकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।
नियम तोड़ने वालों पर आगे भी होगी कार्रवाई
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले के विभिन्न मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा। बिना फिटनेस, बिना परमिट, कर बकाया अथवा आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में संचालित वाहनों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभाग का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जिले की सड़कों पर संचालित प्रत्येक यात्री एवं स्कूल वाहन को सुरक्षित, फिट और नियमसम्मत बनाना है, ताकि यात्रियों, स्कूली बच्चों और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


