कटनी – सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार 21 सितम्बर को सेवा संकल्प यात्रा का कटनी जिले में प्रवेश होने पर बडेरा से लेकर स्लीमनाबाद तक जगह-जगह पुष्पवर्षा व फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा एवं राष्ट्र सेवा के 25 वर्षों से निरंतर चल रहे सेवा कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, स्वच्छता, पौधारोपण और विभिन्न विकास आयामों को चित्रकला के माध्यम से उकेरने वाले छात्रों को उत्कृष्टता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
कटनी जिले के मैहर सड़क मार्ग से जनसेवा संकल्प यात्रा के आगमन पर वृहद स्वच्छता कार्यक्रम किया गया। इसके साथ ही चाका बायपास, पन्ना मोड़, चांडक चौक, बरगवां, स्लीमनाबाद आदि कई स्थलों पर लोगों ने सेवा संकल्प यात्रा के बाइकर्स का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया।
सेवा संकल्प यात्रा के बाइकर्स समूह ने गुलवारा स्थित नगर वन की सेवा में वृहद पौधारोपण किया। इसके साथ ही यहां आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छता की शपथ दिलाई।
झिंझरी स्थित सांदीपनि विद्यालय में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को उत्कृष्टता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके बाद जबलपुर बायपास स्थित कुसाभाई ठाकरे की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। वहिं स्लीमनाबाद में युवाओं को नशा मुक्ति का संदेश दिया गया और ग्राम चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से संवाद किया गया। यात्रा के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी, अक्षय श्रीवास्तव, एसडीएम कटनी जितेन्द्र पटेल, जनपद पंचायत कटनी के सीईओ प्रदीप सिंह ,आकाश नीरज और तहसीलदार ग्रामीण अतुलेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सच्चिदानंद पांडे की मौजूदगी रही।


