जबलपुर,
शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला जबलपुर द्वारा जबलपुर संभाग के शासकीय कार्यालयों में कार्यरत लिपिक
वर्गीय कर्मचारियों से नवीन प्रशिक्षण सत्र के लिए निर्धारित प्रारुप में 20 नवम्बर तक आवेदन आमंत्रित
किये गये हैं। लेखा प्रशिक्षण शाला में लेखा प्रशिक्षण का नया सत्र 1 दिसम्बर से प्रारंभ होगा और यह
28 फरवरी तक संचालित होगा।
प्राचार्य शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला से प्राप्त जानकारी के अनुसार जबलपुर संभाग के विभिन्न
कार्यालयों में कार्यरत ऐसे नियमित लिपिक वर्गीय कर्मचारी, जो शासन द्वारा निर्धारित अर्हताओं को पूरा
करते हैं, वे प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया "पहले आओ, पहले पाओ" के आधार पर की जाएगी।
प्रशिक्षण हेतु निर्धारित प्रपत्र में आवेदन 20 नवम्बर को शाम 5 बजे तक शासकीय लेखा प्रशिक्षण
शाला, जबलपुर में जमा किए जा सकेंगे। मध्यप्रदेश शासन के विभिन्न विभागों के लिपिक वर्गीय
कर्मचारियों के लिए यह प्रशिक्षण निःशुल्क रहेगा। वहीं, स्थानीय निकायों एवं अर्धशासकीय संस्थाओं के
कर्मचारियों के लिए 5 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसे चयन उपरांत प्रवेश के समय जमा
करना होगा।
शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला के प्राचार्य ने संबंधित विभागों एवं कार्यालयों से अधिकाधिक पात्र
कर्मचारियों तक इस सूचना का प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया है, ताकि वे प्रशिक्षण का लाभ प्राप्त
कर सकें।

