Home इंदौर आदिवासी परिवारों की भूमि संबंधी शिकायतों को लेकर कलेक्टर एवं एसपी से...

आदिवासी परिवारों की भूमि संबंधी शिकायतों को लेकर कलेक्टर एवं एसपी से मिले जिला पंचायत सदस्य अजय गोटिया ढीमरखेड़ा तहसील के ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई का मिला आश्वासन

19
0

कटनी -ढीमरखेड़ा तहसील के विभिन्न ग्रामों में आदिवासी परिवारों की भूमि पर कथित अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतों को लेकर जिला पंचायत सदस्य एवं मध्यप्रदेश जिला पंचायत सदस्य संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री अजय गोटिया के नेतृत्व में ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक, कटनी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित ग्रामीणों की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराते हुए मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कुछ ग्रामों में आदिवासी परिवारों की भूमि पर कथित रूप से अन्य व्यक्तियों द्वारा कब्जा किए जाने संबंधी शिकायतें सामने आई हैं। इस संबंध में प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने तथा उनकी भूमि से जुड़े अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की मांग रखी गई। शिकायतों के तथ्यों की जांच कर नियमानुसार उचित निराकरण किए जाने का विषय अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इस दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक, कटनी द्वारा श्री अजय गोटिया को संबंधित समस्याओं के निराकरण की दिशा में यथा शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल में शामिल ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखने में सहयोग के लिए श्री गोटिया के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सरपंच श्री निरंजन सिंह उटिया, पूर्व जनपद सदस्य श्री देवकरण लोधी, श्री कृष्ण यादव, श्री नीलकमल विश्वकर्मा, श्री डूमरीलाल, श्री विजय सिंह, श्री राम मिलन गोटिया, श्री रामलाल गोटिया सहित संबंधित ग्रामों के अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। महिलाओं एवं अन्य शिकायतकर्ताओं ने भी अपनी समस्याओं से प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया। जिला पंचायत कटनी की संचार एवं संकर्म समिति के मनोनीत सदस्य श्री राजेश हल्दकर भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here