कटनी – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में जिले में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, निपुण शालाओं, ड्रॉप आउट बच्चों, आधार कैंप, स्मार्ट क्लास, पेंशन प्रकरण सहित विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा विभागीय दायित्वों में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर भी मौजूद रहीं।
125 शालाओं को निपुण बनाने का लक्ष्य
समीक्षा के दौरान बताया गया कि पिछले वर्ष जिले की 68 शालाओं को निपुण बनाया गया है। जबकि इस शैक्षणिक सत्र में 125 शालाओं को निपुण बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कलेक्टर श्री तिवारी ने डाइट एवं डीपीसी को लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सांदीपनि विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करें
कलेक्टर श्री तिवारी ने सांदीपनि विद्यालयों में मर्ज की गई शालाओं के शिक्षकों से सांदीपनि विद्यालयों में अध्यापन कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को मर्ज किए गए शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा अनुपस्थित शिक्षकों का वेतन भुगतान नहीं करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संकुल प्राचार्यों द्वारा शिक्षकों की उपस्थिति के आधार पर वेतन भुगतान की प्रक्रिया की समीक्षा करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही बिना उपस्थिति के वेतन भुगतान पाए जाने पर संबंधित प्राचार्य का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
कम दर्ज संख्या वाली शालाओं की जानकारी मांगी
बैठक में 10 से कम छात्र संख्या वाली शालाओं की शालावार एवं विकासखंडवार जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत ड्रॉप आउट बच्चों तथा टॉप आउट बच्चों की विकासखंडवार संख्या की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।
स्कूल बसों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा
कलेक्टर ने स्कूल बसों की यथास्थिति संबंधी नस्ती प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निलंबित कर्मचारियों के प्रकरणों में विभागीय जांच पूर्ण कर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई अथवा बहाली की प्रक्रिया करने को कहा। पेंशन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिले में कोई भी पेंशन प्रकरण लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
आधार कैंप और स्मार्ट क्लास की स्थिति की समीक्षा
बैठक में आधार कैंपों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कटनी, बड़वारा एवं ढीमरखेड़ा में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर संबंधितों के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने विभागीय कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने पर भी जोर दिया।
एससीएन जारी करने के निर्देश
कलेक्टर श्री तिवारी ने सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत ड्रॉप आउट बच्चों की विकासखंडवार जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने इस मामले में लापरवाही बरतने वालों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को विभागीय कार्यों में गंभीरता बरतते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री सच्चिदानंद पाण्डेय, जिला परियोजना समन्वयक श्री प्रेमनारायण तिवारी, सहायक संचालक श्री राजेश अग्रहरि, प्राचार्य डाइट कटनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


