Home इंदौर पिपरियाकलां शुक्ल के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कलेक्‍टर ने मरीजों से किया...

पिपरियाकलां शुक्ल के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कलेक्‍टर ने मरीजों से किया संवाद

13
0

कटनी – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने शुक्रवार को ग्राम पिपरियाकलां शुक्ल स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बुजुर्ग मरीजों से किया आत्मीय संवाद

          निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने उपचार कराने पहुंचे ग्राम निवासी बुजुर्ग श्री मूलचंद से आत्मीय संवाद कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। बुजुर्ग ने बताया कि वे घुटनों के दर्द का उपचार कराने आए हैं। इस पर कलेक्टर ने सीएचओ श्री प्रदीप पटेल को उनका समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य अमले से कहा कि मरीजों के प्रति संवेदनशीलता रखते हुए उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

          इसी दौरान कलेक्टर ने बुजुर्ग श्री गुलजारीलाल से धान की कटाई के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने किसान को फसल अवशेष (पराली) नहीं जलाने की समझाइश देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन के निर्देश

          कलेक्टर श्री तिवारी ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सेवाओं की समीक्षा करते हुए क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर एएनसी (प्रसव पूर्व जांच) पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को अस्पताल में सुरक्षित प्रसव कराने के लाभों की जानकारी देकर जागरूक करने पर जोर दिया। कलेक्‍टर ने कहा कि समय पर पंजीयन और प्रसव पूर्व जांच से गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी हो सकेगी। इससे संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here