कटनी – नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के साथ ही सार्वजनिक सड़कों से सुचारू आवागमन उपलब्ध कराना निगम प्रशासन का मूल दायित्व है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी उक्त निर्देश महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने नगर के विभिन्न मुख्य मार्गों पर सुगम आवागमन के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा कराए जा रहे पेंच वर्क एवं निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान दिए।इस दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ रमेश सोनी, सुभाष साहू सहित निगम अधिकारियों की मौजूदगी रही।
समय पर पूर्ण करें शेष कार्य
महापौर श्रीमती सूरी ने सर्वप्रथम जयप्रकाश वार्ड स्थित आदर्श कालोनी की गली में चल रहे सी सी रोड निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शेष कार्य की जानकारी उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी से लेकर तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
टिकाऊ मरम्मत का आधार बने पेंचवर्क
महापौर श्रीमति सूरी द्वारा मिशन चौक से बरगवां मुख्य मार्ग तथा आजाद चौक से झंडा बाजार मार्ग में कराए जा रहे डामर पेंच वर्क का निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर श्रीमती सूरी ने सड़क मरम्मत में उपयोग हो रही सामग्री की गुणवत्ता, कार्य प्रक्रिया तथा मशीनरी की उपलब्धता आदि की बारीकी से जानकारी ली। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेंच वर्क केवल औपचारिकता न होकर टिकाऊ मरम्मत का आधार बने। उन्होंने स्पष्ट किया कि गड्ढों की गहराई, उपयुक्त मिश्रण, रोलिंग प्रक्रिया और सड़क की समतलता जैसे तकनीकी मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही न की जाए ताकि मार्ग का उपयोग नागरिक लंबी अवधि तक कर सकें।निरीक्षण के दौरान महापौर ने यह भी निर्देश दिया कि मरम्मत कार्यों के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए कर्मियों की पर्याप्त तैनाती और वैकल्पिक मार्ग संकेतक लगाए जाएँ। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है, इसलिए सड़कों की स्थिति पर लगातार निगरानी और समयबद्ध मरम्मत अत्यंत आवश्यक है।








