कटनी – शहरी क्षेत्रों में फुटपाथ पर छोटे व्यवसाय करने वाले पथ विक्रेताओं के जीवनस्तर में सुधार और उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता प्रदान करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना संचालित की जा रही है। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर नगर पालिक निगम कटनी द्वारा इस योजना का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक हितग्राहियों को इसका लाभ दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।योजना प्रभारी एवं सिटी मिशन मैनेजर यश रजक ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत निगम सीमान्तर्गत पात्र पथ विक्रेताओं को चरणबद्ध रूप से बिना गारंटी के आसान शर्तों पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रथम चरण में 15 हजार रुपए, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपए तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपए तक का ऋण प्रदान किया जाता है। यह राशि पथ विक्रेताओं के व्यवसाय को बढ़ाने, सामग्री खरीदने और आय के बेहतर साधन विकसित करने में सहायक साबित हो रही है।योजना की विशेषता यह है कि डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा कैशबैक की सुविधा भी दी जाती है। जिन लाभार्थियों द्वारा अपने व्यवसाय में यूपीआई या अन्य डिजिटल माध्यम से लेनदेन किए जाते हैं, उन्हें नियमित रूप से कैशबैक प्रदान किया जाता है, जिससे उन्हें आर्थिक लाभ के साथ आधुनिक लेनदेन पद्धति को अपनाने की प्रेरणा भी मिलती है।इसके अलावा, योजना के तहत द्वितीय चरण का ऋण सफलतापूर्वक जमा करने वाले हितग्राहियों को क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इस सुविधा से पथ विक्रेता अपने नियमित व्यवसाय संचालन में वित्तीय आवश्यकताओं को आसानी से पूरा कर सकते हैं।निगम प्रशासन द्वारा बताया गया कि जो भी पथ विक्रेता इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, वे अधिक जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया हेतु नगर पालिक निगम कटनी के राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के कक्ष क्रमांक 63 से संपर्क कर सकते हैं। निगम प्रशासन ने सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे इस लाभकारी योजना का लाभ अवश्य लें और अपने व्यवसाय को और अधिक सुदृढ़ बनाएं।









