कटनी – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में लगातार जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड बहोरीबंद के शासकीय संदीपनी विद्यालय में बाल विवाह रोकथाम के लिए जागरूकता सत्र एवं शपथ गृहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बहोरीबंद के परियोजना अधिकारी श्री सतीश पटेल ने छात्रों एवं उपस्थित विद्यालयीन शिक्षक गण को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के बारे में बताया। उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिका एवं 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। बाल विवाह कानूनन अपराध एवं सामाजिक कुरीति है।
श्री पटेल ने छात्रों से लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 पर भी चर्चा की एवं महत्वपूर्ण हेल्प लाइन नंबर जैसे चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 एवं एकीकृत आपातकालीन रिस्पांस नंबर 112 के बारे में भी बताया।
कार्यक्रम के समापन के पूर्व श्री पटेल एवं प्राचार्य श्री हरि सिंह पटेल द्वारा छात्रों एवं शिक्षक गणों को बाल विवाह मुक्त भारत निर्माण की शपथ दिलवाई गई। कार्यक्रम में श्री धनेश प्रसाद रैले, श्री अर्जुन पटेल, प्रीति चतुर्वेदी, आरती गुप्ता, कविता बारस्कर, रानी ठाकुर एवं श्री ऋतुराज गुप्ता की उपस्थिति रही।








