कटनी – खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले में 1 दिसंबर से समर्थन मूल्य पर शुरू हुये धान उपार्जन में बुधवार 20 जनवरी तक कुल 58 हजार 875 कृषकों से कुल 4 लाख 94 हजार 46 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया। जो पिछले वर्ष हुई खरीदी से 19.96 फीसदी ज्यादा है। कृषकों को उपार्जित धान का 870.81 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है।
धान उपार्जन में बहोरीबंद अग्रणी
जिले में अब तक समर्थन मूल्य पर हुए धान उपार्जन के मामले में तहसील बहोरीबंद अग्रणी है। यहां अब तक की स्थिति में कुल 12156 किसानों से 1 लाख 3 हजार 372 मीट्रिक टन धान उपार्जित की गई है। जबकि दूसरे नंबर पर तहसील ढ़ीमरखेड़ा में 10054 किसानों से 72 हजार 941 मीट्रिक टन धान समर्थन मूल्य पर खरीदी गई है। इसी प्रकार रीठी तहसील में 7435 कृषकों से 70 हजार 641 मीट्रिक टन धान उपार्जित की गई है। जबकि विजयराघवगढ़ तहसील में अब तक 6801 किसानों से 56 हजार 330 मीट्रिक टन धान खरीदी गई है। बड़वारा तहसील में 7490 किसानों से 55 हजार 102 मीट्रिक टन धान उपार्जित की गई है। वहीं बरही तहसील में 6030 किसानों से 52 हजार 542 मीट्रिक टन धान उपार्जित की गई है।इसके अलावा स्लीमनाबाद तहसील में 4117 किसानों से 37 हजार 505 मीट्रिक टन, कटनी नगर तहसील में 2646 किसानों से 27 हजार 684 मीट्रिक टन और कटनी ग्रामीण तहसील में 2146 किसानों से 17 हजार 929 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।








