कटनी – शहर के प्रमुख एवं व्यस्ततम मार्ग जगन्नाथ चौक से घंटाघर तक मार्ग चैड़ीकरण हेतु राजस्व एवं निगम प्रशासन द्वारा की जा रही संयुक्त कार्यवाही के तहत शुक्रवार को भी तीन चिन्हित संरचाओं को मार्ग से पृथक करनें की कार्यवाही की गई। कार्यक्रम के दौरान राजस्व विभाग नगर निगम एवं अतिक्रमण शाखा का अमला दलबल के साथ स्थल पर मौजूद रहा।
सहायक यंत्री सुनील सिंह ने बताया कि निगम प्रशासन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य जगन्नाथ चौक से घंटाघर मार्ग से आवागमन को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाना है। जिसके तहत चिन्हित शेष संरचनाओं को हटाने हेतु निरंतर अभियान चलाकर कार्यवाही की जा रही है। मार्ग चैड़ीकरण कार्य पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्र में शेष रोड, नाली, एवं पोल शिफ्टिंग आदि के विकास कार्य आसानी से कराये जा सकेंगें जिससे नगर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा आम नागरिकों को राहत मिलने के साथ क्षेत्र का व्यवसाय भी सुदृढ़ होगा।
अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह ने बताया कि स्थल के चिन्हित समस्त शेष संरचनाओं को मार्ग से अलग करने की कार्यवाही प्रचलन में है। स्थानीय जनों द्वारा भी निगम प्रशासन की कार्यवाही में स्वेच्छा से सहयोग प्रदान कर चिन्हित संरचनाओं को स्वयं अलग किया जा रहा है। नगर विकास को दृष्टिगत रखते हुए शनिवार प्रातः से पुनः मार्ग की चिन्हित अस्थाई संरचनाओं को हटाने की कार्यवाही की जायेगी। कार्यवाही के दौरान राजस्व विभाग के अमले के साथ ही नगर निगम के सहायक यंत्री सुनील सिंह, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह सहित अतिक्रमण अमले की मौजूदगी रही।









