कटनी– नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा सार्वजनिक मार्गों पर विचरण कर रहे घुमंतू मवेशियों को हटाने की कार्यवाही की गई। निगम के संबंधित अमले ने शहर के प्रमुख मार्गों, चैराहों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अभियान चलाकर 8 घुमंतू मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
इस संबंध में स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरूवार शाम आयोजित अभियान के दौरान थाना कोतवाली तराहा, सुभाष चौक, मुड़वारा रेल्वे स्टेशन के समीप चांडक चौक स्थित जगन्नाथ मंदिर तिराहा, विश्राम बाबा मोड़, दुगाड़ी नाला के समीप रोड में बैठे आवारा घुमंतू मवेशी सहित नगर के अन्य स्थलों में विचरण कर रहे मवेशियों को पकड़कर काउ केचर वाहन के माध्यम से अमीरगंज स्थित गौशाला भिजवानें का कार्य किया गया।
निगम प्रशासन द्वारा की गई कार्यवाही से सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका में कमी आई है तथा आवागमन अधिक सुगम हुआ है। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा। निगम प्रशासन द्वारा पशुपालकों को अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ने की समझाइश दी जा रही है। नियमों के उल्लंघन पर आवश्यकतानुसार दंडात्मक कार्यवाही भी की जाएगी।









