कटनी – पराक्रम दिवस के अवसर पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एनकेजे में शुक्रवार को कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश अग्रहरी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर श्री तिवारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा मां सरस्वती की पूजा अर्चना से किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों से आए हुए अनुरक्षक भी शामिल हुए।
इस कार्यक्रम में जिले के कुल 10 विद्यालय शामिल हुए। जिनमें केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय तथा विभिन्न पीएमश्री स्कूल, सीबीएसई स्कूल तथा स्टेट बोर्ड के स्कूल शामिल हुए।
कलेक्टर ने दिये बच्चों के सवालों के जवाब
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री तिवारी ने बच्चों को संबोधित किया तथा बच्चों द्वारा पूछी गई विभिन्न जिज्ञासाओं का भी समाधान किया। इस दौरान एक बच्ची ने पूछा कि उसे आईएएस बनना है तो उसे कौन से सब्जेक्ट लेने चाहिए? इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने जवाब दिया कि आर्ट्स लेकर उसने सही विषय का चयन किया है। दूसरी बच्ची ने पूछा की क्या आप इंटरव्यू के समय नर्वस हुए थे? इस पर उन्होंने कहा कि थोड़ा नर्वस तो सब होते हैं, पर वहां झूठ बोलना संभव नहीं होता है, हमारी जो सही जानकारी होती है, वही काम आता है। इसी प्रकार एक बच्चे ने पूछा कि आप कितने अटेम्प्ट में पास हुए थे? इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि मैं पहले अटेम्प्ट में ही सफल हो गया था। एक बच्ची ने पूछा कि क्या आप पर किसी का दबाव था? जिसका जवाब उन्होंने दिया कि नहीं मुझ पर किसी का दवाब नहीं था। मैं खुद इस फील्ड में आना चाहता था।
कार्यक्रम में बच्चों को ऑपरेशन सिंदूर से संबंधित वीडियो दिखाए गए। इसके बाद दोनों ग्रुप के 50-50 छात्रों की लिखित परीक्षा ली गई जिसका प्रश्न पत्र मंत्रालय से भेजा गया था। परीक्षा उपरांत बच्चों को जलपान कराया गया।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय प्राचार्य श्री पंकज कुमार जैन के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रभारी रेखा मिश्रा तथा कम्प्यूटर निदेशक अमर गौतम और महमूद अंसारी द्वारा किया गया। जय नारायण तिवारी, सोमवीर, जितिन मिश्रा तथा अन्य शिक्षक साथियों के सहयोग से कार्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।









