कटनी – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निरंतर प्रयासों से जिले में डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु शुक्रवार को 550 मीट्रिक टन डीएपी की एक रैक झुकेही रैक प्वाइंट पर आ गई है। इससे जिले में डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता हो गई है और किसानों को जरूरत के मुताबिक पर्याप्त खाद मिल सकेगी। कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को खाद वितरण केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करने, किसानों से संवाद करने और पीओएस मशीन में उर्वरक स्टॉक की उपलब्धता देखकर इसका भौतिक सत्यापन अवश्य करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी है कि उर्वरक वितरण व्यवस्था पर पैनी नजर रखें ताकि किसानों को सहजता से खाद मिल सके। जिला विपणन अधिकारी आनन्द नारायण पांडे ने बताया कि आई रैक से कटनी डबल लॉक केन्द्र के लिए 110 मीट्रिक टन, बहोरीबंद डबल लॉक केन्द्र के लिए 100 मीट्रिक टन तथा मझगवां बड़वारा डबल लॉक केन्द्र के लिए 100 मीट्रिक टन नीम कोटेड यूरिया उर्वरक आवंटित की गई है।इसी प्रकार सहकारी केन्द्रीय बैंक कटनी को 180 एवं एमपी एग्रो कटनी को 60 मीट्रिक टन खाद मिली है। जिससे यहां के किसानों को पर्याप्त मात्रा में उनकी जरूरत के मुताबिक उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
यहां देवें सूचना
कलेक्टर श्री तिवारी ने किसानों से आग्रह किया है कि वे खाद एवं बीज से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या और शिकायत या खाद एवं बीज मिलने में असुविधा संबंधी सूचना कलेक्ट्रेट कार्यालय में बने जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के टेलीफोन नम्बर 07622-220070 एवं 07622-220071 पर दे सकते हैं।











