Home इंदौर कृषक कल्याण वर्ष-2026 गेहूँ खरीदी में किसानों को नहीं होगी परेशानी...

कृषक कल्याण वर्ष-2026 गेहूँ खरीदी में किसानों को नहीं होगी परेशानी : मंत्री श्री कंषाना

6
0

कटनी  – किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री श्री एदल सिंह कंषाना ने कहा है कि राज्य सरकार ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी की तैयारियाँ पूर्ण कर ली हैं। प्रदेश में गेहूँ उपार्जन कार्य चरणबद्ध रूप से प्रारम्भ किया जाएगा। गेहूँ खरीदी में किसानों को बिल्कुल परेशानी नहीं होगी।

मंत्री श्री कंषाना ने कहा कि इंदौर, उज्जैन, भोपाल एवं नर्मदापुरम संभागों में गेहूँ खरीदी 1 अप्रैल 2026 से शुरू होगी, जबकि शेष संभागों में 7 अप्रैल 2026 से खरीदी प्रारम्भ की जाएगी। गेहूँ उपार्जन शासकीय कार्य दिवसों में प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक किया जाएगा, जिससे किसानों को सुविधाजनक समय मिल सके। राज्य सरकार ने किसानों को अतिरिक्त लाभ देने के उद्देश्य से गेहूँ खरीदी पर 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही अब किसानों से गेहूँ की खरीदी 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी।

मंत्री श्री कंषाना ने कहा कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन के लिये प्रदेश के कुल 19 लाख 4 हजार 651 किसानों ने पंजीयन कराया है, जो पिछले वर्ष के 15 लाख 44 हजार किसानों की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यह किसानों का सरकार की नीतियों पर बढ़ता विश्वास दर्शाता है।

मंत्री श्री कंषाना ने कहा कि सरकार किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सभी खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए ठंडे पेयजल, पंखों, छाया तथा आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जा रही है, जिससे किसानों को धूप में खड़े होकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मंत्री श्री कंषाना ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से संचालित की जाए तथा किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।


Google search engine

Google search engine

Google search engine




Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here