जबलपुर, नगर परिषद पाटन क्षेत्र में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत वार्ड स्तरीय सी.एम. हेल्पलाईन निराकरण एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के आदेशानुसार, अनुविभागीय राजस्व अधिकारी मानवेंद्र सिंह के निर्देशन तथा नगर परिषद अध्यक्ष आचार्य जगेंद्र सिंह की अध्यक्षता में यह शिविर वार्ड क्रमांक 1 स्थित प्राथमिक शाला परिसर में सुबह 11 बजे से
शाम 4 बजे तक संपन्न हुआ। शिविर के दौरान वार्ड क्रमांक 1 एवं 2 के रहवासियों के लिए समग्र ई-केवाईसी, पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पंजीयन का कार्य प्राथमिकता से किया गया। इस दौरान सी.एम. हेल्पलाईन में दर्ज 12 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें
बंद कराया गया। इसके साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़े कुल 272 नए आवेदनों का पंजीयन किया गया। अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदक से सीधा संवाद कर उन्हें योजना से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों और आगे की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए शाला प्रांगण में अशोक और कदम के पौधों का वृक्षारोपण भी किया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी जयश्री चौहान ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं और शासकीय कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ उठाएं।

