कटनी – मानसून के दौरान निर्माण कार्यों में दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए श्रम विभाग द्वारा निर्माण श्रमिकों को बारिश के मौसम में कार्य के दौरान विशेष सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। श्रमिकों से स्वास्थ्य का ध्यान रखने के साथ-साथ ऊंचाई, फिसलन, बिजली और जलभराव वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की गई है।श्रम विभाग की ओर से कहा गया है कि श्रमिक गीले कपड़ों में लंबे समय तक काम न करें। अस्वस्थ महसूस होने पर काम से विराम लेकर पर्याप्त आराम करें। बारिश के कारण कार्यस्थल की सतह फिसलन भरी हो सकती है, इसलिए सीढ़ी, मचान और अन्य संरचनाओं की मजबूती की जांच करने के बाद ही कार्य करें। निर्माण कार्य के दौरान हेलमेट, सेफ्टी शूज सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
बिजली के उपकरणों से बरतें सावधानी
बारिश के दौरान बिजली से संबंधित दुर्घटनाओं से बचने के लिए गीले हाथों से बिजली के उपकरणों को न छुएं। क्षतिग्रस्त तारों और खुले विद्युत कनेक्शन से दूरी बनाए रखें। बारिश अथवा आकाशीय बिजली के दौरान खुले और ऊंचे स्थानों पर कार्य करने से बचें तथा सुरक्षित स्थान पर रहें।
जलभराव वाले क्षेत्रों से रहें दूर
निर्माण स्थलों पर जलभराव के कारण गड्ढे और खुले मैनहोल दिखाई नहीं देने की स्थिति में दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। ऐसे स्थानों से दूर रहने और कार्यस्थल पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। निर्माण सामग्री को संभालते समय भी सतर्कता बरतें तथा ढीली सामग्री और अस्थिर संरचनाओं के पास अनावश्यक रूप से न जाएं।श्रम विभाग ने निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि मानसून के दौरान सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करते हुए स्वयं और अपने सहकर्मियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।


