कटनी – शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को दो शिफ्ट में संचालित कर दिया है। रात्रिकालीन और प्रातःकालीन शिफ्ट में सफाई अमला मुख्य बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों, वार्डों की आंतरिक गलियों और डिवाइडरों की सफाई में जुटा है। इससे दिनभर की गतिविधियों के बाद रात में बाजारों की सफाई के साथ सुबह वार्डों में भी स्वच्छता व्यवस्था बेहतर नजर आ रही है।
रात में बाजार, सुबह वार्डों की गलियां
शुक्रवार रात और शनिवार सुबह गोल बाजार, झंडा बाजार, सुभाष चौक से स्टेशन रोड, शंकर टॉकीज मार्ग, गणेश चौक, घंटाघर मार्ग, नई बस्ती, खिरहनी फाटक ओवरब्रिज, दुबे कॉलोनी, दुर्गा चौक, मिशन चौक, बरगवां मुख्य मार्ग, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, माधव नगर, लखेरा, झर्रा टिकुरिया, अमीरगंज और पुलिस लाइन परेड ग्राउंड सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कराई गई।सफाई अमले ने सड़कों और डिवाइडरों पर जमा धूल, कचरा और अन्य अपशिष्ट हटाए। मुख्य मार्गों के साथ आंतरिक गलियों में भी सफाई होने से वार्ड स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
जल निकासी हेतु नालियों की सफाई पर भी जोर
बारिश के मौसम को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था सुचारू रखने के लिए निगम द्वारा नालियों की सफाई भी लगातार कराई जा रही है। शनिवार को जेसीबी एवं मैनपावर की मदद से सरला नगर, साईं मंदिर के पीछे, इंदिरा नगर गली नंबर-1, नई बस्ती शंभू टॉकीज के आगे, संत नगर, शिव नगर, बृजवासी होटल के पीछे, भट्टा मोहल्ला, गड्ढा टोला और दुगाड़ी नाला के ऊपर स्थित नालियों की सफाई कराई गई।
निगरानी के साथ बढ़ाई सक्रियता
नगर निगम का स्वास्थ्य अमला सफाई कार्यों की नियमित निगरानी कर रहा है। आवश्यकता के अनुसार सफाई दलों को निर्देश देकर प्रमुख एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सफाई कराई जा रही है। दो शिफ्ट की व्यवस्था से सफाई कार्यों में निरंतरता के साथ शहर के अधिक से अधिक क्षेत्रों को कवर किया जा रहा है।
निगम की अपील—स्वच्छता में नागरिक भी दें सहयोग
नगर निगम ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और सार्वजनिक मार्गों एवं डिवाइडरों पर कचरा न फैलाएं। निगम प्रशासन ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर कटनी के निर्माण में नागरिकों की सहभागिता उतनी ही महत्वपूर्ण है, जितना नियमित सफाई कार्य।


