Home इंदौर मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत 21 अगस्त को बाकल में आयोजित होगा...

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत 21 अगस्त को बाकल में आयोजित होगा शिविर हर शुक्रवार मैदानी भ्रमण कर रहे अधिकारी, जनसंवाद के माध्यम से हो रहा समस्याओं का निराकरण

36
0

कटनी  – आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्‍य से जिले में 7 अगस्त से प्रारंभ हुए मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में आयोजित शिविरों के माध्‍यम से प्रशासन द्वारा शिकायतों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके लिये अधिकारी प्रत्येक शुक्रवार को मैदानी भ्रमण कर आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर रहे हैं।

21 अगस्‍त को बाकल में आयोजित होगा शिविर

          इसी क्रम में अभियान के तहत शुक्रवार 21 अगस्त बहोरीबंद विधानसभा अंतर्गत बाकल क्लस्टर के 11 पंचायतों बाकल, मोहतरा, पटना, किवलरहा, पिपरियाबाकल, सिहुडीबाकल, खमतरा, बरतरा, बरही, पाकर, चांदनखेड़ा में व इमलिया क्लस्टर के 12 पंचायतों गौरहा, इमलिया, कुम्हरवारा, पटीकलां, पटोरी, खमरिया, कूड़ामर्दनगढ़, मझगवां, पटिराजा, मसंधा, अमाड़ी व बासन के लिए ग्राम पंचायत भवन बाकल में शिविर आयोजित होगा।

शत-प्रतिशत शिकायतों के निराकरण के निर्देश

          कलेक्‍टर श्री तिवारी ने अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित लंबित प्रकरणों शत प्रतिशत निराकरण के निर्देश दिये हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अधिकतम मामलों का निराकरण पूर्व में ही सुनिश्चित किया जाए तथा शेष प्रकरणों का समाधान शिविर स्थल पर किया जाए। जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव नहीं होगा, उनमें समय-सीमा निर्धारित कर आवेदकों को अवगत कराया जाएगा।

लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्‍त

          कलेक्टर श्री तिवारी ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्‍त नहीं की जाएगी तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here