कटनी- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को सिंगल क्लिक के माध्यम से संबल योजना के अंतर्गत जिले के 216 हितग्राहियों के बैंक खाते में 4 करोड़ 65 लाख रुपए की अनुग्रह राशि अंतरित की है।कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित एनआईसी में किया गया जहां हितग्राहियों के साथ-साथ श्रम विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनपद पंचायत कटनी के 33 संबल योजना के हितग्राहियों के खाते में 70 लाख रुपए की राशि अंतरित किया। इसी प्रकार जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के 43 हितग्राहियों को 96 लाख रूपये की राशि, जनपद पंचायत बड़वारा के 10 हितग्राहियों को 22 लाख रूपये की राशि का अंतरण किया। इसी प्रकार जनपद पंचायत रीठी के 19 हितग्राहियों को 42 लाख रूपये, जनपद पंचायत बहोरीबंद के 49 हितग्राहियों को 1 करोड़ 9 लाख रूपये, जनपद पंचायत विजयराघवगड़ के 15 हितग्राहियों को 30 लाख रूपये, नगर निगम कटनी के 41 हितग्राहियों को 82 लाख रूपये, नगर परिषद कैमोर के 4 हितग्राहियों को 10 लाख रूपये एवं नगर परिषद विजयराघवगढ़ के 2 हितग्राहियों के खाते में 4 लाख रूपये राशि अंतरित की गयी है।
संबल योजना
मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना, असंगठित क्षेत्र में कार्यरत लाखों श्रमिकों के लिए महत्वपूर्ण योजना है। योजना में अनुग्रह सहायता योजना अंतर्गत दुघर्टना में मृत्यु होने पर 4 लाख रूपये एवं सामान्य मृत्यु होने पर 2 लाख रूपये प्रदान किये जाते हैं। स्थायी अपंगता पर 2 लाख रूपये एवं आंशिक स्थायी अपंगता पर 1 लाख रूपये तथा अंत्येष्टि सहायता के रूप में 5 हजार रूपये प्रदान किये जाते हैं। संबल योजना में महिला श्रमिकों को प्रसूति सहायता के रूप में 16 हजार रूपये दिये जाते हैं, साथ ही श्रमिकों के बच्चों को महाविद्यालय शिक्षा प्रोत्साहन योजना में उच्च शिक्षा के लिये सम्पूर्ण शिक्षण शुल्क राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाता है।संबल योजना में श्रमिक को जन्म से लेकर मृत्यु तक आर्थिक सहायता प्राप्त होती है वास्तविक अर्थों में यह श्रमिकों का संबल है। प्रदेश की यह योजना देश के सभी राज्यों के लिए अनुकरणीय है। सभी संबल हितग्राहियों को आयुष्मान भारत निरामयम योजना में पात्र श्रेणी में चिन्हित किया गया है, अब उन्हें भी 5 लाख रूपये वार्षिक निःशुल्क चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।


