कटनी – मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के तहत मंगलवार को नगर निगम कटनी सीमा क्षेत्र के 41 श्रमिक परिवारों के लिए राहत और संबल का अवसर आया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से इन परिवारों के बैंक खातों में कुल 82 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि अंतरित की।कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान उपस्थित हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का संबोधन सुना और योजना के माध्यम से मिलने वाली सहायता राशि का लाभ प्राप्त किया।
41 परिवारों के खातों में पहुंची सहायता
संबल योजना के अंतर्गत नगर निगम सीमा क्षेत्र में सामान्य मृत्यु के प्रकरणों में 41 श्रमिक परिवारों को प्रति परिवार 2 लाख रुपये की दर से कुल 82 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता प्रदान की गई। इनमें वार्ड क्रमांक 1 के तीन, वार्ड 3 के दो, वार्ड 4 के एक, वार्ड 5 के दो, वार्ड 7 एवं 11 के एक-एक, वार्ड 12 एवं 13 के तीन-तीन, वार्ड 15 के एक, वार्ड 17 के दो, वार्ड 22, 24, 28, 30 एवं 31 के एक-एक, वार्ड 33 के तीन, वार्ड 35, 37, 38, 39, 41 एवं 43 के एक-एक तथा वार्ड 45 के पांच हितग्राही परिवार शामिल हैं।
असंगठित श्रमिकों के लिए सुरक्षा कवच
संबल योजना प्रदेश के असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए सामाजिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार है। योजना के तहत दुर्घटना में मृत्यु पर 4 लाख रुपये तथा सामान्य मृत्यु पर 2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता दी जाती है। स्थायी अपंगता पर 2 लाख और आंशिक स्थायी अपंगता पर 1 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है। इसके साथ ही अंत्येष्टि सहायता के रूप में 5 हजार रुपये प्रदान किए जाते हैं।महिला श्रमिकों को प्रसूति सहायता के रूप में 16 हजार रुपये तथा श्रमिकों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए महाविद्यालय शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत शिक्षण शुल्क की सहायता भी राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जाती है। इस तरह संबल योजना श्रमिक परिवारों के लिए कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सहारा देने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।


